विधायक डॉ. रेणु जोगी ने ली जोगी कांग्रेस के प्रत्याशियों के समर्थन में सभा
पेंड्रा। नगरीय निकाय चुनाव में जोगी कांग्रेस भी कुछ जगहों में दमदारी से चुनाव मैदान में है। पेंड्रा और गौरेला को जोगी कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। जोगी कांग्रेस अपने इस गढ़ को बरकरार रखने चुनाव प्रचार में आखरी समय में दम दिखाने की तैयारी में है। कहीं जोगी कांग्रेस के लोग अच्छी स्थिति में है तो कहीं पर त्रिकोणीय में नजर आ रहे हैं। आज से भाजपा, कांग्रेस के साथ साथ जोगी कांग्रेस ने भी यहां ताकत झोंक दी है।
पेंड्रा नगर पंचायत चुनाव अपने चरम पर है। विधायक डॉ. रेणु जोगी ने आज पेंड्रा के वार्ड क्रमांक 5 में पार्टी प्रत्याशी श्रीमती अरुणा जायसवाल के समर्थन में सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने विधायकी कार्यकाल में कराए गए कार्यों के बारे में बताते हुए विगत 5 साल में नगर पंचायत पेंड्रा द्वारा कराए गए कार्यों के बारे में भी जनता को बताया।
साथ ही इस चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की जनता से अपील की। इस मौके पर सभा को चुनाव संचालक ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने भी संबोधित करते हुए पूर्व की भांति जोगी परिवार को दिए गए समर्थन व आशीर्वाद की तरह इस बार भी हल चलाता किसान छाप में वोट देने की अपील की। सभा को जिला अध्यक्ष शिवनारायण तिवारी, प्रत्याशी श्रीमती अरुणा जायसवाल, गणेश जायसवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश बंका ने किया। उपस्थित सभी लोगों ने हल चलसता किसान छाप में वोट देने का संकल्प लिया।