मध्य प्रदेश

मिशन 2023: ‘अबकी बार 200 पार’ के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी भाजपा – शिवराज सिंह

भोपाल। कुशाभाऊ ठाकरे हमेशा लक्ष्य के हिसाब से काम करने को कहते थे। व्यक्तिगत रूप से और पार्टी के स्तर पर भी लक्ष्य रखकर ही काम करना चाहिए। यदि लक्ष्य पूरे नहीं हों तो दुखी भी नहीं होना चाहिए, फिर से जुट जाना चाहिए। हमें भी हमेशा लक्ष्य तय करके ही काम करना चाहिए। अगले विधानसभा चुनाव में हम लक्ष्य रखेंगे ‘अबकी बार 200 पार’। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को यहां जनसंघ के संस्थापक सदस्य, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे के संघर्ष और उनके व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में संगठन के हितानंद शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने उदाहरणों से लक्ष्य के बारे में कार्यकर्ताओं को समझाया।

चौहान ने कहा कि ठाकरेजी ने दिनरात मेहनत कर संगठन खड़ा किया और सरकार में पार्टी को ले आए। वे मुख्यमंत्री बनाते रहे, लेकिन खुद कभी नहीं बने। हमें अपेक्षित अवसर न मिले तो मन दुखी होता है, मनभेद भी हो जाते हैं, लेकिन ठाकरे का जीवन देखें, तो उन्होंने कभी किसी पद की अपेक्षा ही नहीं की। जबकि कोई भी पद उनके व्यक्तित्व से बड़ा हो ही नहीं सकता। वह जीत-हार सभी परिस्थितियों में एक समान रहे और संगठन को गढ़ते रहे। ठाकरे जी का जीवन संगठन को गढ़ने और कार्यकर्ताओं के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। हमें उनका अनुशरण करना चाहिए।

Back to top button