मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश के खरगोन में भीषण सड़क हादसा: 50 फीट ऊंचे पुल से गिरी यात्रियों से भरी बस, 22 की मौत, 37 से अधिक घायल

सीएम शिवराज, पूर्व सीएम कमलनाथ, अरुण यादव सहित अनेक नेताओं ने जताया दु:ख, सीएम ने किया मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख आर्थिक सहायता का ऐलान

भोपाल/खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें बोराड़ नदी पर बने पुल से एक यात्री बस 50 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 3 बच्चे, 9 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। दुर्घटना में ड्राइवर, कंडक्टर और क्लीनर की भी मौत हो गइ है। 30 घायलों को खरगोन के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि 7 को नाजुक हालत में इंदौर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव सहित अनेक नेताओं ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सीएम ने घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता मुहैया कराने के आदेश दिए हैं।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना बेहद दुखद है। मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घटनास्थल पर अधिकारी तत्काल पहुंच गए हैं। घटना में 15 लोगों की मौत की सूचना है। करीब 25 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। बस क्रमांक एमपी10-पी-7755 मां शारदा ट्रैवल्स की बताई जा रही है, जो खरगोन जिले से इंदौर जा रही थी। यह हादसा खरगोन-ठीकरी मार्ग पर हुआ। बस नदी पर बने पुल से गुजर रही थी कि वह एकाएक नीचे गिर गई। जोर से आवाज आई और अफरा-तफरी मच गई। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। हादसा दसंगा गांव के करीब हुआ है। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर घायलों की मदद करने में लगे हुए हैं। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक रवि जोशी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मौके पर पहुंचे विधायक रवि जोशी से बातचीत में ग्रामीणों ने कहा कि रोजाना बसें ओवरलोड होकर तेज रफ्तार में गुजरती है। कई बार हमने बस वालों को टोका, लेकिन वह लोग दादागिरी करते हैं।

सीएम शिवराज सिंह ने घोषित की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताते हुए हादसे में मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता घोषित की है। राज्य सरकार ने खरगोन में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपये, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा किए जाने के भी आदेश दिए गए हैं।

गनीमत है कि सूखी थी नदी

नदी सूखी होने से मौतों की संख्या 15 के आसपास बताई जा रही है। यदि नदी में पानी होता तो मृतकों का आंकड़ा अधिक हो सकता था। इसी तरह का हादसा पिछले साल खलघाट पर हुआ था, जब एक बस नर्मदा नदी पर बने पुल से गिर गई थी और कोई भी नहीं बचा था।

कमलनाथ सहित कांग्रेस नेताओं ने भी जताया दुख

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- खरगोन जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 15 लोगों की मृत्यु और बहुत से लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले ऐसी प्रार्थना है। पूर्व पीसी अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट किया है कि खरगोन जिले के ग्राम डोंगरगांव – दसंगा के बीच पुल पर से एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने एवं इसमे कई यात्रियों के दुखद निधन एवं घायल होने का समाचार पीड़ादायक है । ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव खरगोन जिले के ग्राम डोंगरगांव-दसंगा के बीच पुल पर से एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने एवं इसमे कई यात्रियों के दुखद निधन एवं घायल होने का समाचार पीड़ादायक है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

Back to top button