मध्य प्रदेश

मुरैना के लेपा गांव में 6 लोगों की हत्या के खूनी खेल के मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़,  दो गिरफ्तार

मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अजीत सिंह को पैर में गोली लगी, घायल होने पर अस्पताल में किया भर्ती, चार आरोपी अभी भी फरार, जिनकी तलाश की जा रही

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के लेपा गांव में पुरानी दुश्मनी के चलते एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या का खूनी खेल खेलने वाले मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को पुलिस ने आज तड़के बीहड़ में चंबल नदी के उसैथ घाट से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से फरार आरोपी भूपेंद्र सिंह और अजीत सिंह को पुलिस टीमें रात-दिन तलाश रही थीं। आज सुबह करीब 5 बजे पुलिस से आरोपियों का आमना-सामना हो गया। पुलिस को देख आरोपियों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसमें अजीत सिंह के पैर में गोली लगी। भूपेंद्र को भी चोट आई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।

पुरानी रंजिश के चलते मुरैना के लेपा गांव में शुक्रवार 5 मई को 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में पुलिस ने शुरुआत में 9 को आरोपी बनाया था। बाद में महिला (रज्जो) का नाम भी जोड़ा गया। पुलिस इससे पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आज अजीत और भूपेंद्र भी पकड़ लिए गए। अब 4 आरोपी फरार हैं। पुलिस ने अजीत सिंह से एक 315 बोर की राइफल, 2 खाली और 1 भरा हुआ कारतूस जब्त किया है। एनकाउंटर में आरोपी अजीत के पैर में गोली लगी है। आरोपी भूपेंद्र के सिर में मामूली चोट आई है। अजीत सिंह को पुलिस ने इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। मुरैना पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जिलों सहित पड़ौसी राज्यों राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस को भी सूचना दी थी। चंबल आईजी की तरफ से इन आरोपियों पर 30-30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मुरैना एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों मुख्य आरोपी महुआ थाना इलाके के उसेद घाट के आसपास देखे गए हैं। दोनों नदी किनारे होते हुए बाहर निकलने की प्लानिंग में हैं। इस सूचना पर पुलिस ने उसेद घाट के चारों तरफ से घेराबंदी कर तलाश शुरू की। सामना होने पर पुलिस ने आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन, दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी दोनों पर फायरिंग की। इसमें मुख्य आरोपी अजीत सिंह के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसके बाद इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 315 बोर की बंदूक भी बरामद की गई है।

एसपी के मुताबिक 5 मई की सुबह सिहोनियां थाना क्षेत्र के लेपा गांव में पुरानी दुश्मनी के चलते नामजद आरोपियों ने लाठी-फरसे तथा रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए एक ही परिवार के 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। वारदात के तत्काल बाद पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद जांच में वायरल वीडियो के आधार पर रविवार को पुष्पा नाम की महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को राजस्थान के रींगस से एक और आरोपी सोनू तोमर को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआत में सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था, इसे सोमवार को आईजी चम्बल रेंज द्वारा बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया गया है। लेपा हत्याकांड में पुलिस ने आज गिरफ्तार किए गए अजीत सिंह और भूपेंद्र सिंह सहित अब तक छह आरोपी पकड़ लिए हैं। घटना के चार आरोपी अभी भी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इनके नाम श्यामू पुत्र धीर सिंह तोमर, मोनू पुत्र धीर सिंह तोमर, रामू पुत्र धीर सिंह तोमर और गौरव पुत्र सूरजभान सिंह तोमर बताए गए हैं।

मुरैना में हुई थी 6 लोगों की गोली मारकर हत्या

मुरैना के लेपा भिड़ौसा गांव में 5 मई को सुबह एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना पुरानी रंजिश के चलते की गई। गांव के 2 परिवारों के बीच पिछले 10 साल से यह रंजिश चली आ रही है। इसके चलते आरोपी परिवार ने दूसरे परिवार पर लाठी-फरसे तथा रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर 3 पुरुष और 3 महिलाओं की हत्या कर दी थी। इस हमले में 3 लोग घायल भी हुए थे।

Back to top button