नई दिल्ली

शराब मुक्त बिहार में नशे की हालत में कैमूर में होमगार्ड जवान, दो गिरफ्तार ….

नई दिल्ली। बिहार में शराबबंदी है और इस कानून को शत प्रतिशत लागू करने के लिए सरकार और प्रशासन पूरी ताकत से काम कर रहे हैं लेकिन जिनके कंधे पर शराब बंदी कानून को लागू करने की जिम्मेदारी है वे भी इस की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ताजा मामला कैमूर जिले से है जहां नशे की हालत में एक होमगार्ड जवान को गिरफ्तार किया गया है। रविवार की देर शाम होमगार्ड जवान अपने एक अन्य साथी के साथ नशे की हालत में सड़क पर हंगामा कर रहा था। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र की है।

नशेड़ी होमगार्ड जवान की पहचान सुनील सिंह के रूप में की गई है, जो थाना क्षेत्र के दहरक गांव का निवासी है। उसकी पोस्टिंग बिहार यूपी के इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर मोहनिया के पास एनएच 2 पर की गई है। सुनील सिंह के साथ पकड़ा गया दूसरा व्यक्ति विनोद कुमार सिंह हैं जो पड़ोसी गांव बांदीपुर का निवासी है।

रामगढ़ थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है की विनोद कुमार से पहले भी नशे की हालत में पकड़े जाने पर जेल जा चुका है।

रामगढ़ के एसएचओ राम कल्याण यादव ने बताया कि मोहनिया बक्सर स्टेट हाईवे पर ग्राम भारती कॉलेज के नजदीक दोनों पीकर हंगामा कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने उनका वीडियो बना लिया और पुलिस को भेज दिया। वीडियो देखने के बाद पुलिस की कार्रवाई की गई। जांच में दोनों के रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है और उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Back to top button