नई दिल्ली

दिल्ली में लोगों को उमस से मिलेगी राहत, IMD ने शाम को हल्की बारिश का जताया अनुमान …

नई दिल्ली। दिल्ली में लोगों को उमस से राहत मिल सकती है। आज यानी रविवार की शाम हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने इस बात की आशंका जताई है। भारतीय मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसी तरह सुबह 8.30 बजे तक नमी की दर 68 फीसदी रिकॉर्ड की गई थी। मौसम विभाग कार्यालय ने अनुमान जताया है कि राजधानी के कुछ हिस्सों में आकाश में बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के वक्त हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में हुई बारिश ने लोगों को उमस से राहत दी थी। मौसम विभाग ने पहले अंदेशा जताया था कि राष्ट्रीय राजधानी में सितंबर के शुरुआत में 4-5 दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, विभाग ने कहा था कि दिल्ली में ज्यादा बारिश नहीं होगी।

वायु गुणवत्ता का विश्लेषण करने वाली सरकारी संस्था सफर ने शनिवार को जानकारी दी थी कि दिल्ली में शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 102 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर माना जाता है।

Back to top button