नई दिल्ली

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, ताबड़तोड़ गोलीबारी में 9 लोगों की मौत; 10 घायल

गुवाहाटी । भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बाद भी मणिपुर में हिंसा रुक नहीं रही है। डेढ़ महीने बाद भी हालात में सुधार नहीं हो रहा है। प्रदेश में मंगलवार देर रात फिर हिंसा भड़की है। हिंसा के दौरान जबरदस्त गोलीबारी हुई है। गोली लगने से 9 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 10 लोग घायल भी हुए हैं। घालयों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी के शिवकांता सिंह ने बताया कि राजधानी इंफाल में बीती रात करीब 1 बजे फायरिंग हुई है। काफी देर तक हुई गोलीबारी की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 10 लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि अत्याधुनिक हथियारों से लैस आतंकवादियों ने इंफाल पूर्वी जिले और कांगपोकी जिले की सीमा से लगे खामेलोक क्षेत्र के ग्रामीणों को घेर लिया और हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिस जगह हिंसा हुई है वो इलाका मैतेई-बहुल है। पुलिस ने बताया कि कुछ लोग मैतेई इलाकों के पास बंकर बनाने की कोशिश कर रहे थे, तभी सुरक्षाबलों ने उन्हें चुनौती दी। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। इस बीच, जिला अधिकारियों ने इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में छूट के समय को घटाकर सुबह 5 से सुबह 9 बजे कर दिया है।

इससे पहले, मणिपुर में चलाए गए अभियान के तहत 1,040 हथियार बरामद किए गए हैं। इन हथियारों को उपद्रवियों ने पिछले दिनों विभिन्न स्थानों से लूट लिया था।

Back to top button