छत्तीसगढ़बिलासपुर

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद 17 को बिलासपुर में, सांसद अरुण साव ने बताया दिव्यांगों को मिलेंगे 2 करोड़ के सहायक उपकरण ….

बिलासपुर। लंबे अर्से से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के करीब 18 सौ दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर है। बिलासपुर सांसद अरुण साव के प्रयासों के फलस्वरूप भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की एडिप व राष्ट्रीय वयोश्री योजनांतर्गत उन्हें करीब 2 करोड़ 4 लाख की लागत के कुल 3380 सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए 17 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे स्थानीय जलसंसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में कार्यक्रम आयोजित है।

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने एडिप योजना के तहत जिले के 1162 दिव्यांगजनों का चयन किया था। साथ ही राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत जिले के 623 वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया था। इन्हें कुल 2 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत के करीब 3380 विभिन्न सहायक उपकरण दिलाने विभाग की ओर से भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था।

तात्कालिन कलेक्टर एवं वर्तमान कमिश्नर डा. संजय अलंग ने उक्त संबंध में सांसद श्री साव को जानकारी देते हुए केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. थावरचंद गहलोत से इस मामले में चर्चा करने का अनुरोध किया था। संसद के मानसून सत्र के दौरान ही श्री साव ने केन्द्रीय मंत्री श्री गहलोत से भेंट कर जिले के चयनित दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने अनुरोध किया। इन प्रयासों के फलस्वरूप लंबे समय से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।

17 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. गहलोत वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से दिल्ली से जुड़ेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री साव करेंगे। विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक शैलेश पाण्डेय, श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, डा. कृष्णमूर्ति बांधी, रजनीश सिंह, श्रीमती रेणु जोगी, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान होंगे।

इन उपकरणों का होगा वितरण: कार्यक्रम में सांकेतिक तौर पर हितग्राहियों को 10 मोटराईज्ड ट्रायसायकल, 5 ट्रायसायकल, 2 व्हीलचेयर, 3 बैशाखी, 4 श्रवणयंत्र, 2 स्मार्ट फोन, 2 ब्रेल किट, 2 एमआर किट, 2 डीजी प्लेयर, 2 वाकिंग स्टीक, 2 चश्मा का वितरण किया जाएगा। जिसकी कीमत कुल 5 लाख 842 रुपए है। शेष हितग्राहियों को सहायक उपकरणों का वितरण ब्लाक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा।

Back to top button