मध्य प्रदेश

संपूर्ण मध्यप्रदेश में आन-बान-शान के साथ लहराया तिरंगा, हर्षोल्लास के साथ देशभक्ति के तराने गूंजे

भोपाल। संपूर्ण देश के साथ मध्यप्रदेश में भी 74वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर देशभक्ति के तरानों और भारत माता की जय, जय हिंद जैसे जयकारों की गूंज के बीच तिरंगा शान से लहराता रहा। जगह-जगह झंडावंदन के कार्यक्रम हुए। बच्चों में भी भारी उत्साह देखा गया। देशभक्ति से ओतप्रोत और भारतीय संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ इंद्रधनुषी छटा बिखरती रही। सभी ने हमारी आन-बान-शान तिरंगे झंडे का वंदन किया, नमन किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में राष्ट्र ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राज्य स्तरीय समारोह भोपाल में हुआ। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ध्वजारोहण किया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया।

मुख्यमंत्री शिवराज ने जबलपुर में कहा, आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं। नर्मदा परिक्रमा पथ और नर्मदा कॉरिडोर का तीन चरणों में विकास किया जाएगा, जो अद्भुत होगा।

राज्यपाल श्री पटेल ने गणतंत्र दिवस पर राजभवन में ध्वज फहराया

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजभवन में ध्वज फहराया। राज्यपाल श्री पटेल ने गणतंत्र दिवस पर अधिकारी और कर्मचारियों के साथ शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। राजभवन परिसर के बच्चों को मिष्ठान का वितरण किया गया। राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, उप सचिव स्वरोचिष सोमवंशी, विधि अधिकारी उमेश कुमार श्रीवास्तव, राज्यपाल के परिसहाय द्वय अभिनव चौकसे, अतुल शर्मा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह चावड़ा सहित राजभवन के सभी विभाग, सुरक्षाबल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह ने किया झण्डा वंदन

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर भोपाल स्थित आवास में ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

इन जिलों में मंत्री ने किया ध्वजारोहण

गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया में, पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव सागर में, जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट इंदौर में ध्वजारोहण करेंगे। इसी तरह, वन मंत्री विजय शाह खंडवा में, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर में, खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर में, खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया शिवपुरी, जनजातीय कार्य और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह मांडवे उमरिया में, कृषि मंत्री कमल पटेल हरदा में, राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत दमोह में, खनिज और श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह पन्ना में, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग विदिशा में, स्वास्थ्य मंत्री मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी रायसेन में झंडा फहराया।

पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह सिसौदिया गुना में, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर में, पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल बड़वानी में, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा नीमच में, पर्यटन, संस्कृति और अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर देवास में, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया भिंड में ध्वजारोहण किया।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग रतलाम में, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव धार में, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह श्योपुर में, स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार शाजापुर में, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री राम खेलावन पटेल सतना, आयुष (स्वतंत्र प्रभार) राम किशोर कांवरे बालाघाट में, पीएचई राज्य मंत्री बृजेंद्रसिंह यादव अशोकनगर में, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ मुरैना में, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया निवाड़ी में ध्वजारोहण किया।

सीएम निवास कार्यालय में प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी ने किया झण्डा-वंदन, अधिकारी-कर्मचारियों को दी शुभकामनाएँ

74वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी ने झण्डा-वंदन किया। राष्ट्रगान के बाद प्रमुख सचिव श्री रस्तोगी ने सलामी ली तथा बल का निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव श्री रस्तोगी ने निवास कार्यालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनायें दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी आनन्द शर्मा और उप सचिव नीरज वशिष्ठ, सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और सुरक्षा स्टाफ मौजूद था।

जनसम्पर्क आयुक्त राघवेन्द्र कुमार सिंह ने फहराया ध्वज

आयुक्त जनसम्पर्क राघवेन्द्र कुमार सिंह ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्र गान का सामूहिक गायन हुआ। उन्होंने स्टाफ को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर संचालक जनसंपर्क आशुतोष प्रताप सिंह, अपर संचालक सुरेश गुप्ता, एच.एल. चौधरी सहित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

इन जिलों में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण

खरगोन, झाबुआ, अलीराजपुर, बुरहानपुर, आगर-मालवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, छतरपुर, टीकमगढ़, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और डिंडौरी जिले में कलेक्टर ने ध्वजारोहण किया।

गणतंत्र दिवस पर उज्जैन में महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया

गणतंत्र दिवस पर उज्जैन में महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती में भगवान के मस्तक पर तिरंगे से श्रृंगार किया गया। नंदी ने भी तीन रंगों के वस्त्र धारण किए। भगवान महाकाल का जल से अभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया गया।

Back to top button