
इस अभिमन्यु ने तोड़ दिया नगर निगम कोरबा के चुनाव में चक्रव्यूह
कोरबा {गेंदलाल शुक्ल} । नगर पालिक निगम कोरबा के चुनाव में कलयुग के अभिमन्यु ने महाभारत की नई स्क्रिप्ट लिख दी है। इस अभिमन्यु का वध करने की मनसूबा पाले बैठे लोगों को मुंह की खानी पड़ी है। अभिमन्यु ने चक्रव्यूह तोड़ कर नया इतिहास लिख दिया है।
दरअसल नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड नम्बर 6 से कांग्रेस पार्टी ने धरम निर्मले को प्रत्याशी बनाया था। एक ताकतवर नेता उनके टिकट का विरोध कर रहे थे। लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट दे दी। इसके बाद धरम निर्मले की चौतरफा घेराबन्दी की जाने लगी।
कांग्रेस की पृष्ठभूमि के ही पार्षद शिव अग्रवाल जहां निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर आये वहीं कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदार रमेश जायसवाल भी निर्दलीय ताल ठोंकने लगे। मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी ज्योति पांडेय तो पहले ही धरम निर्मले को चुनौती दे रही थीं। इस तरह धरम निर्मले की चौतरफा घेराबन्दी की गई थी।
कहना ना होगा कि धरम निर्मले के लिए कठिन चक्रव्यूह की रचना की गई थी। लेकिन इस अभिमन्यु का अंजाम महाभारत के अभिमन्यु जैसा नहीं हो सका। इसने बड़ी सूझबूझ के साथ लड़ाई लड़ी और चक्रव्यूह को बेधकर जीत हासिल कर ली। पंचकोणीय मुकाबले में धरम निर्मले की जीत को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मानते।

















