रायपुर

स्कूलों में अब बाल दिवस और इंदिरा गांधी की जयंती पर होंगे विविध कार्यक्रम

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने 14 नवंबर बाल दिवस और 16 नवंबर को कौमी एकता दिवस पर स्कूलों में विविध कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश सभी कलेक्टरों और शिक्षाधिकारियों को दिया है। बाल दिवस मनाने के लिए स्कूलों में कार्यक्रम 11 नवंबर से प्रारंभ किए जाएंगे और 14 नवंबर को पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसी तरह कौमी एकता दिवस पर कार्यक्रम 16 नवंबर से प्रारंभ होकर 19 नवंबर तक होंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव सौरभ कुमार ने जारी परिपत्र में कहा है कि प्रदेश में बाल दिवस व कौमी एकता दिवस पर स्कूलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बता दें कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिन ‘बाल दिवस’ पर पूरे भारत में बच्चों की शिक्षा, प्रगति एवं कल्याण के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। पंडित जवाहर लाल नेहरू बच्चों के प्रति काफी स्नेह रखते थे और वे उनके बीच चाचा नेहरू के रूप में लोकप्रिय थे। वे कहा करते थे कि बच्चे बगीयों के कलियों की तरह है, वे देश की ताकत हैं क्योंकि वे ही भविष्य में विकसित समाज का निर्माण करेंगे।

बाल दिवस पर लोगों में जागरूकता लाने विविध कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों में 11 नवंबर को बाल अधिकारों का संरक्षण के संबंध में जानकारी दी जाएगी व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 13 नवंबर को वाद-विवाद प्रतियोगिता, फैन्सी ड्रेस, कहानी एवं क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। 14 नवंबर को निबंध प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।

स्व. इंदिरा गांधी के जन्मदिन ‘कौमी एकता’ समारोह आयोजन में 16 नवंबर को कौमी एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सम्प्रदायवाद के विरोध व अहिंसा के विषय पर संगोष्ठी आयोजित करने को कहा गया है। 18 नवंबर को नारी शक्ति दिवस के रुप में मनाते हुए राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। 19 नवंबर को विविधता में एकता प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रमों आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने और कार्यक्रम ठीक तरह से मनाए जाने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button