Uncategorized

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घेरा, कहा- उस दिन का नाम ‘अच्छे दिन’ कर देना चाहिए; जिस दिन पेट्रोलियम पदार्थों के दाम न बढ़े हो …

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार को सप्ताह के उस दिन का नाम ‘अच्छे दिन’ कर देना चाहिए जिस दिन डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो।

प्रियंका गांधी ने शनिवार को फेसबुक वाल पर लिखा “भाजपा सरकार को सप्ताह के उस दिन का नाम ‘अच्छा दिन’कर देना चाहिए जिस दिन डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो क्योंकि महंगाई की मार के चलते बाकी दिन तो आमजनों के लिए ‘महंगे दिन’ हैं।”

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों को मुनाफा पहुंचाने की नीयत से मोटा टैक्स लगाकर पेट्रोल डीजल के दाम तो हर रोज बढ़ा रही है मगर किसानों को उनकी उपज का दाम देने में आनाकानी कर रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा “ काले कृषि कानूनों के खिलाफ किसान बहनों-भाइयों का संघर्ष उनकी जीविका से जुड़ा हुआ संघर्ष है। इस सरकार की नियत देखिए। भाजपा सरकार अपने अरबपति मित्रों की तिजोरियां भरने के लिए मोटा टैक्स लगाकर पेट्रोल – डीजल के दाम तो हर रोज बढ़ा रही है लेकिन किसानों को उनकी फसल के दाम नहीं दे रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि किसानों की जीविका के संघर्ष में वह किसानों के साथ हैं। आज वह मुजफ्फरनगर के बघरा में किसानों के साथ संवाद करेंगी।

Back to top button