मध्य प्रदेश

देश के लिए मरने की नहीं जीने की जरूरत, इंदौर में तिरंगा यात्रा पर बोले भाजपा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ….

भोपाल/इंदौर। आज देश के लिए मरने की नहीं, देश के लिए जीने की जरूरत है। हम सब तिरंगा तो फहराएंगे ही, साथ ही समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए कोई एक काम अवश्य करेंगे। देश के वीर सपूतों ने राष्ट्र के गौरव और सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। भाजपा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है अपने पसीने की कमाई से हम हर घर पर तिरंगा लहराकर उनके चरणों में प्रणाम करें। शिवराज ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत इंदौर में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित कर रहे थे।

यह यात्रा अपने तय समय 4 बजे से लगभग डेढ़ घंटा देरी से साढ़े 5 बजे के करीब शुरू हुई। सीएम के देरी से पहुंचने के कारण यात्रा में विलंब हुआ। यात्रा का मार्ग राज मोहल्ला से राजबाड़ा तक रखा गया था। राजबाड़ा पहुंचने पर शिवराज के समक्ष कलाकारों ने बैंड और लेझिम की धुन पर शानदार प्रस्तुति दी। इस बीच लगातार बारिश के बावजूद यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बारिश के बीच भीगते कार्यकर्ताओं और जनता में उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। आजादी के अमृत महोत्सव पर निकली इस तिरंगा यात्रा में शहर की सड़कों पर जनता का सैलाब उमड़ पड़ा, हाथ में तिरंगा, होठों पर भारत मां की जय का नारा और दिल में देशभक्ति का संकल्प था।

राज मोहल्ला से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा जवाहर मार्ग होते हुए राजबाड़ा पहुंची। इससे पहले राज मोहल्ला पर बने मंच से सीएम सहित अन्य नेताओं ने वंदे मातरम गाया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता और जनता जय श्रीराम, वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाती रही। डीजे पर लगातार देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे। यात्रा जब बंबई बाजार पहुंची तो मुस्लिम समाज के लोगों ने मंच से तिरंगा लहराकर सीएम का इस्तकबाल किया। इस दौरान भारी फोर्स तैनात रहा। राज मोहल्ला चौराहा से यात्रा मालगंज, नृसिंह बाजार, बंबई बाजार चौकी, गुरुद्वारा इमली साहब चौराहे से होते हुए राजबाड़ा पहुंची।

तिरंगा यात्रा की झलकियां

  1. –  सीएम शिवराज सिंह ने अमर शहीद भगतसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
  2. –  यात्रा से पहले सीएम ने पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के होर्डिंग नीचे करवा दिए।
  3. –  भाजपा के मप्र प्रभारी मुरलीधर राव भी उज्जैन से इंदौर आकर यात्रा में शामिल हुए।
  4.  –  सीएम चौहान के आने के पहले राजवाड़ा क्षेत्र को तिरंगा से पाट दिया गया था।
  5.  –  पूर्व में मुख्यमंत्री को विमानतल पर काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
  6. –  बंबई बाजार पहुंची यात्रा का मुस्लिम समाज ने तिरंगा लहराकर इस्तकबाल किया।
  7. –  यात्रा से पहले रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया, बारिश में भीगते कार्यकताओं और जनता में देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था।
  8. –  शिवराज के साथ मंच पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, विधायक मालिनी गौड़, मेयर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य नेता मौजूद थे।
  9. –  पूर्व मंत्री और विधायक महेंद्र हार्डिया तथा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।
  10. –  युवा मोर्चा अध्यक्ष सौगात मिश्रा को सीएम ने मंच पर साथ में खड़ा किया।
  11. –  भाजपा नेता गोलू शुक्ला मंच से नीचे ही खड़े रहे।
Back to top button