छत्तीसगढ़बिलासपुर

कृषि कानून के समर्थन में भाजपा ने सभी मंडलों और धान खरीदी केंद्रों पर लगाया चौपाल …

 

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिलासपुर जिले के प्रत्येक मंडलों में धान खरीदी केंद्रों पर 15 एवं 16 दिसंबर को केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए तीन कृषि कानून के समर्थन में चौपाल पंचायत लगाया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत, जिला महामंत्री घनश्याम कौशिक एवं मोहित जायसवाल ने बताया कि बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के मंडल बिल्हा, बोदरी, तिफरा सिरगिट्टी में सभी धान खरीदी केन्द्रों में विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में, कोटा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल कोटा, रतनपुर, बेलगहना करगीकला में सभी धान खरीदी केन्द्रों में सांसद अरूण साव, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत के नेतृत्व में, मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल मस्तूरी, जयरामनगर गतौरा, सीपत, मल्हार, सोनलोहर्सी में सभी धान खरीदी केन्द्रों में मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी के नेतृत्व में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल बेलतरा शहर, बेलतरा ग्रामीण, बेलतरा मध्य में सभी धान खरीदी केन्द्रों में बेलतरा विधायक रजनीश सिंह के नेतृत्व में, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल तखतपुर, विजयपुर, सकरी, गनियारी में महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हित में बनाये नये कृषि कानून के समर्थन में चौपाल पंचायत लगाकर किसानों को बताया गया कि प्रधानमंत्री का जोर कृषि क्षेत्र को समृद्ध और किसानों को सशक्त बनाने का रहा है।

केन्द्र सरकार किसानों की आय दुगनी करने के लक्ष्य को लेकर चल रही है और उस दिशा में अनेक कदम उठाये गये है। संसद में पास हुए कृषि विधेयक के कानून बनने से 70 साल बाद देश के अन्न दाताओं को बिचौलियों के चंगुल से मुक्ति मिलेगी, साथ ही अपनी उपज को इच्छा अनुसार मूल्य पर कही पर भी बेचने की आजादी मिलेगी। पहले हमारे किसानों का बाजार सिर्फ स्थानीय मंडी तक सीमित था, उनके खरीददार सीमित थे।

बुनियादी ढांचे की कमी थी और मूल्यों में पारदर्शिता नहीं थी। इस कारण उन्हें अधिक परिवहन लागत, लंबी कतारों, नीलामी में देरी और स्थानीय माफियाओं की मार झेलनी पड़ती थी। अब इन नये कानूनों से कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आएगा, खेती-किसानी में निजी निवेश होने से तेज विकास होगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, कृषि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होने से देश की आर्थिक स्थिति और सुदृ़ढ़ होगी। किसानों का एक देश-एक बाजार का सपना भी पूरा होगा। सभी चौपाल पंचायत कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Back to top button