छत्तीसगढ़बिलासपुर

देवाडांड में नारी शक्ति समूह की महिलाएं कर रही सेंट्रिंग प्लेट सहित खाद निर्माण, मुर्गी पालन एवं सब्जी उत्पादन का कार्य ….

कोरिया (दिनेश कांशी)। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान ने ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबन की राह दिखाई है, जिसपर चलते हुए कोरिया जिले के विकासखंड खड़गवां के ग्राम देवाडांड में नारी शक्ति स्व सहायता समूह की महिलाएं आजीविका के रूप में सेंट्रिंग प्लेट, खाद निर्माण, मुर्गी पालन एवं सब्जी उत्पादन का कार्य कर अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत होकर आजीविका गतिविधि से आत्म निर्भर बन चुकी है।

नारी शक्ति स्व सहायता समूह में कुल 10 सदस्य हैं। पूर्व में इनकी आजीविका कृषि कार्य ही थी, साथ ही समूह के सभी सदस्यों द्वारा माह में बैठक करके प्रति सदस्य 40 रू. जमा करते थे जिससे कि जरूरत पड़ने पर उस राशि का उपयोग किया जा सके। वर्ष 2017 में पंच सूत्र का पालन करते हुए सभी सदस्यों ने बैठक कर नई आजीविका शुरू करने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने बैंक से लोन लेकर नई आजीविका गतिविधि प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा और सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया देवाडांड से 1 लाख रूपये की ऋण राशि प्राप्त की। सुनियोजित कार्ययोजना के अनुसार 80 हजार रूपये से उन्होंने सेंट्रिंग प्लेट खरीदी कर कार्य प्रारंभ किया।

गाँव में समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों द्वारा व्यक्तिगत मकान निर्माण के साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत जिले में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों द्वारा निर्मित आवास हेतु काम किया जाने लगा। ग्राम देवाडांड एवं समीप के ग्रामों में उपयोग करते हुए समूह को 2 लाख 30 हजार रूपये तक की राशि की शुद्ध आय प्राप्त हुई। इस राशि से समूह ने बैंक से लिए हुए लोन की राशि वापस की। पुनः बैंक लिंकेज की राशि 1 लाख रूपये राशि प्राप्त कर अपने कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

विकासखंड मिशन प्रबंधन इकाई के कुशल स्टाफ एवं केडर के द्वारा क्षमता वर्धन का कार्य किया गया है। अपने सेंट्रिंग प्लेट कार्य से उत्साहित होकर समूह द्वारा गोधन न्याय योजना अंतर्गत ग्राम देवाडांड स्थित गोठान में वर्मी खाद निर्माण का कार्य शुरू किया गया है, साथ ही समूह के सदस्य व्यक्तिगत रूप से आजीविका गतिविधि में मुर्गीपालन और सब्जी उत्पादन का कार्य भी कर रहे हैं। इन सभी आजीविका के साधनों ने महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार किया है जिसके लिए वे राज्य शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करती हैं।

Back to top button