मध्य प्रदेश

देश का पहला अत्याधुनिक पंचकर्म सेंटर भोपाल में शुरू, यहां मिलेंगी फाइव स्टार जैसी सुविधाएं

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि हजारों सालों से हैं आयुर्वेद का महत्व, एमपी में आयुर्वेद विश्वविद्यालय खोलने पर विचार कर रही राज्य सरकार

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्वास्थ्य की जो विधा आयुर्वेद में है, वह एलोपैथी में नहीं है। अंग्रेजी दवाएं लिखने वाले डॉक्टर एक के बाद एक दवा लिखते रहते हैं। पंचकर्म के लिए अब लोगों को केरल की यात्रा नहीं करना पड़ेगी। भोपाल में ही 5 स्टार होटल फैसिलिटी के बीच केरल के थैरेपिस्ट पंचकर्म करेंगे। पहाड़ी पर बने इस सेंटर में हरियाली और डैम के किनारे लोगों को पंचकर्म की फैसिलिटी मिलेगी। प्रदेश का खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय एमपी में ही नहीं देश भर में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह बात भोपाल में कलियासोत डैम के किनारे बने खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय में देश के पहले सरकारी पंचकर्म एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन करते हुए कही। शिवराज सिंह ने यहां 50 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक पंचकर्म सिस्टम और वेलनेस सेंटर का लोकार्पण किया। इस आयोजन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद प्रज्ञा ठाकुर और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा भी मौजूद थे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आयुर्वेद के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार मध्यप्रदेश में आयुर्वेद विश्वविद्यालय खोलने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद ऐसी विधा है कि आने वाले दिनों में पूरी दुनिया इसे अपनाएगी। इसमें घायलों के भी त्वरित इलाज की व्यवस्था को बढ़ावा देने की जरूरत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद में रिसर्च खत्म हो रहे हैं। यह काम रुकना नहीं चाहिए।
कोबिड के बाद पूरी दुनिया में आयुर्वेद का बजा डंका
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोविड के बाद आयुर्वेद का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। कोविड में एक ही रास्ता दिखा “आयुर्वेद और योग”। अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र है भारत। 5000 साल से ज्यादा तो ज्ञात इतिहास है हमारा। जब दुनिया में सभ्यता के सूर्य का उदय नहीं हुआ था तब हमारे यहां वेदों की रचना रच दी गई थी। चौहान ने कहा कि आयुर्वेद एक संपूर्ण विधा है। एलोपैथी में हर बीमारी के लिए एक अलग डॉक्टर हैं। आयुर्वेद रोग की पहचान कर, उसके मूल कारण का निदान करने का प्रयास करता है। दोनों की अपनी विशेषता है। आयुर्वेद की महत्ता आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है।
सीएम बोले- मैं 24 में से 18 घंटे तो काम करता ही हूं, उसका कारण योग व प्राणायाम
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुझे यह कहते हुए प्रसन्नता है कि पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक चिकित्सालय एक नए स्थान पर पहुंच गया है। यहां आयुर्वेद, पंचकर्म और योग का समन्वय करते हुए व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य की सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां शोध प्रयोगशाला, ऑडिटोरियम व पंचकर्म की अत्याधुनिक व्यवस्था भी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सम्पूर्ण स्वास्थ्य अगर कहीं है तो आयुर्वेद व योग के माध्यम से ही है। मैं 24 घंटे में से 18 घंटे तो काम करता ही हूँ, उसका कारण योग व प्राणायाम है। भोपाल में पंचकर्म सुपर स्पेशलिटी एवं वेलनेस केंद्र एवं रजत जयंती ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया।

Back to top button