मरवाही उपचुनाव के लिए भाजपा ने बनाया डॉ गंभीर सिंह को प्रत्याशी ….
मरवाही। प्रदेश भाजपा की सिफारिश पर केंद्रीय चुनाव समिति ने छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उपचुनाव के लिए डॉ गंभीर सिंह को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी घोषित होने के साथ ही भाजपा यहां चुनाव प्रबंधन की तैयारी में जुट गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी के निर्वाचन क्षेत्र मरवाही में त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा मगर प्रत्याशी चयन के मामले में भाजपा पहले नंबर पर है। कांग्रेस से किसे लड़ाया जाएगा यह अभी तय नहीं है। पिछले सप्ताह भर से दावेदार रायपुर का चक्कर काट रहे हैं। इस बीच भाजपा ने पुराने दोनों प्रत्याशी अर्चना पोर्ते और समीरा पैकरा पर दांव लगाने के बजाय डॉ गंभीर सिंह को चुनाव लड़ाना तय किया।
भाजपा में भी लगभग एक दर्जन दावेदार थे। प्रत्याशी चयन को लेकर संगठन के लोग अलग से लगे हुए थे। समीरा पैकरा और अर्चना पोर्ते जिस अंतर से पराजित हुईं उसे देखकर संगठन के लोग इन दोनों नामों पर विचार करने को तैयार नहीं थे। कुछ नए चेहरे सामने आए मगर जिस ढंग से इस बार मरवाही में उपचुनाव होना है उसमें भाजपा भी गंभीरता से चुनाव लड़ना चाहती है। यही वजह है कि आखिर में डॉ गंभीर सिंह को प्रत्याशी आज घोषित कर दिया गया।