मध्य प्रदेश

भाजपा कोर कमेटी की फालोअप बैठक आज : चुनाव के लिए रथ यात्रा के रोडमैप और लोकसभा स्तर पर राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रम को लेकर होगी चर्चा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन की कोर कमेटी की फालोअप बैठक मंगलवार को सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की फालोअप बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा निकाली जाने वाली रथ यात्रा, रथ यात्रा के रूट को लेकर भी निर्णय होगा। इसके साथ ही चुनाव अभियान को लेकर भी रणनीति बनेगी। साथ ही भाजपा मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में पहुंचने वाले पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को लेकर भी कार्यक्रम तय किया जाएगा। इसके साथ ही कोर कमेटी की विगत बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुए अमल और प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा गठित किए जाने वाले बोर्ड, मंडलों में राजनैतिक नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा होगी। बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, फग्गन ङ्क्षसह कुलस्ते, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सत्यनारायण जटिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा सहित कोर कमेटी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है।

Back to top button