छत्तीसगढ़

तमाम उपलब्धियां अधिकारी-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से मिली : सहाय

65वें रेलवे सप्ताह समारोह में बिलासपुर रेल मंडल के मंडल के विभिन्न विभागों के 156 कर्मचारियों को व्यक्तिगत एवं 11 समूह पुरस्कार दिया गया
बिलासपुर।  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर रेल मंडल ने 65वां मंडल स्तरीय रेल सप्ताह समारोह रेल संस्कृति निकेतन भवन बिलासपुर में आयोजित किया। समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय थे। समारोह में रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विगत वित्तीय वर्ष के दौरान उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के 156 कर्मचारियों को व्यक्तिगत एवं 11 समूह पुरस्कार दिया गया।


उल्लेखनीय है भारत में पहली बार रेल 16 अप्रैल 1853 को मुम्बई से थाणे के मध्य चलाई गई थी। इस ऐतिहासिक पल तथा रेलवे के उद्भव एवं विकास की गाथाओं की याद में रेल मंत्रालय सहित सभी क्षेत्रीय रेलवे, वर्कशाप, यूनिटों एवं मंडलों में प्रति वर्ष रेल सप्ताह समारोह मनाया जाता है। अतिथियों के स्वागत पश्चात् मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उदय कुमार भारती ने मंडल के सभी विभागों द्वारा किए गए कार्यों व गत वर्ष की उपलब्धियां पेश की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आलोक सहाय ने सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को रेल सप्ताह की शुभकामनाएं दी तथा पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। अपने उद्बोधन में उन्होने कहा कि बिलासपुर मंडल नित नई-नई ऊंचाइयों पर आसीन होने का गौरव प्राप्त कर रहा है। कोविड़ वैश्विक महामारी के दौरान भी हमारे सभी कर्मचारियों व अधिकारियों ने जो कर्मठता व लगनशीलता का परिचय दिया उसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देता हूं। तमाम उपलव्धियां मंडल के सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से ही संभव हो पाया है। इसके लिये उन्होंने मंडल रेल परिवार के सभी सदस्यों एवं उनके परिजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक-1 श्री श्याम सुंदर, अपर मंडल रेल प्रबंधक-2 श्री वेदिश धुवारे, मंडल सेक्रो की अध्यक्षा श्रीमती अपर्णा सहाय, उपाध्यक्षा श्रीमती अंजु बाला, श्रीमती सुषमा धुवारे अन्य सदस्याएं, सभी शाखाधिकारी, अन्य अधिकारीगण, यूनियन एवं एशोसिएशन के पदाधिकारियों सहित कर्मचारीगण उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि के संबोधन पश्चात् सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कुमारी संजु चौहान ने गजल प्रस्तुत की, रेलवे अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्राओं द्वारा पंजाबी डांस तथा कुमारी साई दिव्या ने भारतनाट्यम की आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी।

इन्हें मिला पुरस्कार
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात मंडल के विभिन्न विभागों के 156 कर्मचारियों को व्यक्तिगत एवं 11 समूह पुरस्कार मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय के करकमलों से पुरस्कार प्रदान किया गया। जिसमें लेखा विभाग से 05, नागरिक सुरक्षा से 02, वाणिज्य विभाग से 05, शिक्षा विभाग से 05, विद्युत विभाग (सामान्य) से 09, विद्युत विभाग (परिचालन) से 11, विद्युत विभाग (टीआरडी) से 11, इंजीनियरिंग विभाग से 21, सामान्य प्रशासन से 05, यांत्रिक से 18, चिकित्सा से 05, परिचालन से 26, कार्मिक विभाग से 10, संकेत एवं दूरसंचार से 13, संरक्षा से 01, स्काउट गाइड के 02, खेल से 03, विद्युत लोको प्रशिक्षण केंद्र से 02, सुरक्षा से 05, स्टोर से 01, दपूमरे मजदूर कांग्रेस से 02, ओबीसी एसोशिएशन से 02 कर्मचारी, सेंटजान से 01 कर्मचारी तथा एससी/एसटी एसोशिएशन से 02 कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा मंडल के विभिन्न स्टेशनों को उनके उत्कृष्ठ कार्यों के लिए 10 शील्ड भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन के नसीम तथा मनीषा दीक्षित ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक कार्मिक अधिकारी जे एस टाटा ने किया।

Back to top button