Uncategorized

बीजेपी को लगा झटका, बाप मंत्री और बेटा विधायक दोनों हुए कांग्रेस में शामिल…

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी को उत्तराखंड में जोरदार झटका लगा है। पार्टी के राज्य परिवहन मंत्री यशपाल और उनके बेटे भाजपा विधायक संजीव आर्य ने पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने ट्वीट में जानकारी देते हुए कहा-उत्तराखंड के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता यश्पाल आर्य और भाजपा विधायक संजीव आज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

इसके अलावा उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा है कि, “हवा का रुख बदल रहा है….।” गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 से पहले इन दोनों नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

कांग्रेस में वापसी करने के दौरान दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव प्रेस वार्ता में मौजूद रहे। बता दें कि यशपाल आर्य बाजपुर से और उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल सीट से भाजपा विधायक हैं। जनवरी 2017 में इन दोनों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था।

पुष्कर सिंह धामी सरकार में यशपाल आर्य मंत्री थे और उनके पास छह विभाग थे। जिसमें परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन और आबकारी विभाग शामिल थे। बता दें कि यशपाल आर्य 1989 में पहली बारखटीमा सितारगंज सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। काफी समय तक वह कांग्रेस पार्टी में रहे हैं और 2007 से 2014 तक कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष थे और रावत के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के लेकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि, यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य का कांग्रेस में दिल से स्वागत है। वहीं देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की व एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। बता दें कि इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस खेमें में सेंधमारी की थी। पिछले दिनों नई दिल्ली में पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार ने भाजपा का दामन लिया था।

Back to top button