Uncategorized

अफगानिस्तान की जीत से 5 वें नंबर पर पहुंची टीम इंडिया…

नई दिल्ली। अफगानिस्तान ने स्कॉटलैण्ड के खिलाफ 130 रन से जीत हासिल कर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 की पॉइंट्स टेबल में अपनु ग्रुप में 2 में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं भारत से जीत हासिल करने वाली पाकिस्तान की टीम दूसरे नंबर पर आ गई है। वहीं अफगानिस्तान के टॉप पर पहुंचने से भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह अब कठिन हो गई है।

ग्रुप 2 में भारत के साथ अफगानिस्तान, पाकिस्तान, नामीबिया, न्यूजीलैंड और स्कॉटलैंड हैं। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे सभी मुकाबले जीतने होंगे। इनमें से अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया के खिलाफ भारत की जीत तय मानी जा सकती है। हालांकि, अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड के खिलाफ जिस तरह का खेल दिखाया है, उसके बाद टीम इंडिया के लिए यह भी आसान नहीं होगा।

26 अक्टूबर की शाम पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच होना है। यदि वह मैच पाकिस्तान जीत जाता है तो उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी। भारत का अब अगला मुकाबला 31 अक्टूबर को न्यूजीलैंड से है। टी20 वर्ल्ड कप में भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप में दोनों के बीच अब तक 2 मैच खेले गए हैं। इनमें से दोनों में न्यूजीलैंड ने बाजी मारी है। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों के बीच आखिरी भिड़ंत 15 मार्च 2016 को हुई थी। नागपुर में खेले गए उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 47 रन से हराया था। ऐसे में विराट कोहली की टीम को इस बार इतिहास रचना होगा। उसे कीवी टीम को हराना ही होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो उसका खेल खत्म समझिए।

 

ऐसा है हार-जीत का गणित

  1. यदि भारत न्यूजीलैंड को हरा देता है और न्यूजीलैंड पाकिस्तान को हराता है तो मामला दिलचस्प बनेगा। फिर नेट रनरेट से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम के नाम का फैसला होगा। इसमें पाकिस्तान का पलड़ा भारी है, क्योंकि उसने भारत को 10 विकेट से हराया है।
  2. अगर न्यूजीलैंड ने भारत और पाकिस्तान दोनों को हरा दिया तब भी टीम इंडिया का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना अधूरा रह जाएगा। ऐसे में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान आगे बढ़ेंगे। अगर न्यूजीलैंड की टीम भारत को हरा देती है। पाकिस्तान के हाथों न्यूजीलैंड हार जाता है तब भी न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ही सेमीफाइनल में पहुंचेंगे।
  3. यदि भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड बाकी की अन्य टीमों के खिलाफ अपने सभी मुकाबले जीत जाते हैं। ऐसे में यदि टीम इंडिया न्यूजीलैंड के हाथों हार जाती है तब भी वह बाहर हो जाएगी। तब भी ग्रुप 2 से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचेंगे।
  4. यदि भारत और पाकिस्तान दोनों न्यूजीलैंड को हराते हैं, तब कीवी टीम बाहर हो जाएगी और भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे। यही वजह है कि 31 अक्टूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला मुकाबला एक तरह से क्वार्टर फाइनल माना जा रहा है।

यह भी है ध्यान देने वाली बात

टी20 इंटरनेशनल में ओवरऑल भारत और न्यूजीलैंड के मैच की बात करें तो भी टीम इंडिया का रिकॉर्ड सराहनीय नहीं है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें से भारतीय टीम सिर्फ 6 में जीत हासिल करने में सफल रही है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 8 मैच जीतने में सफल रही है।

दो मैच टाई हुए थे। हालांकि, वन ओवर एलिमिनेटर में भारत दोनों मैच जीतने में सफल रहा। एक मैच रद्द हो गया था। हालांकि, एक तथ्य यह भी है कि टीम इंडिया ने 10 फरवरी 2019 के बाद से न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी टी20 मैच नहीं हारा है। ऐसे में भारतीय फैंस को सकारात्मक रहना चाहिए और टीम इंडिय जीत की उम्मीद करनी चाहिए।

Back to top button