देश

भाजपा के आरोपों का खंडन, दो घंटे में आरोपी पकड़े गए यह राज्य पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण ही संभव : ममता बनर्जी

कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उन आरोपों का खंडन किया है, जिसमें भाजपा ने आरोप लगाया था कि बंगाल आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन गया है। टीएमसी ने कहा कि बेंगलुरु विस्फोट मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी राज्य पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण ही संभव हो सकी है। दरअसल बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट मामले में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद से राज्य में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। राज्य में विपक्षी दल भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन ने राज्य को आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बना दिया है।

ममता बनर्जी ने भाजपा पर कसा तंज
ममता बनर्जी ने कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा,‘‘सुना है कि भाजपा के एक नेता कह रहे थे कि बंगाल सुरक्षित नहीं है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन राज्यों के बारे में क्या जहां आप सत्ता में हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात और बिहार के बारे में क्या कहना है?’’ बनर्जी ने भाजपा पर राज्य के खिलाफ अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने और चुनावों में राजनीतिक दलों को समान अवसर नहीं देने का आरोप भी लगाया।

हमलावर हुई थी भाजपा
पश्चिम बंगाल में भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘एनआईए ने रामेश्वरम कैफे विस्फोट में दो मुख्य संदिग्धों, हमलावर मुसव्विर हुसैन शाजिब और उसके साथी अब्दुल मथीन अहमद ताहा को कोलकाता से हिरासत में लिया। दोनों संभवतः कर्नाटक के शिवमोगा में आईएसआईएस सेल से संबंधित हैं। दुर्भाग्य से, पश्चिम बंगाल ममता बनर्जी के तहत आतंकवादियों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह बन गया है।’’ मालवीय के पोस्ट के कुछ ही मिनट के भीतर, टीएमसी नेता कुणाल घोष ने दावा किया कि आरोपियों को एनआईए ने पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल पुलिस ने बेंगलुरु-कैफे विस्फोट के संबंध में गिरफ्तारी के माध्यम से बहुत बढ़िया काम किया है। यहां तक कि एनआईए ने भी अपने बयानों में इसे स्वीकार किया है। किसी भी विरोधी ताकत से सख्ती से निपटा जाना चाहिए। लेकिन मैं भाजपा और उनके चेलों से पूछना चाहता हूं- ये गिरफ्तारियां कहां से की गई हैं? कांथी! हम सभी जानते हैं कि कौन सा परिवार और भाजपा का मुख्य नेता कोंताई से अवैध गतिविधियां चलाता है।’’

 

Back to top button