रायपुर

भाजपा हुई बेनकाब, किसानों के नाम पर धरना-प्रदर्शन करने से किसान विरोधी राजनीति उजागर – शैलेष नितिन

रायपुर। भाजपा के धरने पर प्रतिक्रिया देते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि किसानों को लेकर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीति और किसान विरोधी चरित्र उजागर हो चुका है। जब राज्य में भाजपा की रमन सरकार थी तब मोदी सरकार ने कहा था 300 रुपए बोनस नहीं देना है तो भाजपा सरकार चिट्ठी लिखकर रह गयी, न किसानों को बोनस दिया न मोदी सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। जब मोदी सरकार ने 300 रुपए बोनस देने से रोका तब भाजपा खामोश रही।

जब छत्तीसगढ़ सरकार ने कहा कि 2500 रुपए देंगे और मोदी सरकार ने रोका तब भी भाजपा ने इस किसान विरोधी फैसले के खिलाफ धरना नहीं दिया। किसानों के हितैषी होते तो तब भी धरना देते। इस बार तो भाजपा ने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिये चिट्ठी भी नहीं लिखी। 17 लाख किसानों ने केन्द्र की मोदी सरकार को पत्र लिखा लेकिन भाजपा ने तो धरना देना तो दूर एक पत्र लिखना तक जरूरी नहीं समझा। भाजपा के लोकसभा सदस्यों में से कोई भी किसानों के साथ खड़ा नहीं हुआ।

भाजपा के आज के धरने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि भाजपा को धरना तब करना था जब मोदी सरकार ने कहा था किसानों को 2500 रुपए  बोनस मत दो। तब तो किसानों के लिये भाजपा ने चिट्ठी भी नहीं लिखी। आज के भाजपा के धरने से भाजपा की किसानों को लेकर की जा रही राजनीति और किसान विरोधी चरित्र दोनों हुआ बेनकाब।

भाजपा सरकार में धमतरी में किसानों पर किया गया बर्बर लाठीचार्ज अभी तक छत्तीसगढ़ के लोग नहीं भूले हैं। भाजपा सरकार में ही अभनपुर के किसान की अश्रुगैस का गोला फटने से मौत की घटना सबको  अभी तक याद है। अभनपुर में पुलिस की अश्रुगैस लाठी से किसान केजूराम बारले की मौत हो गई। आरंग के रीवा गांव का किसान गोकुल साहू सहित सैकड़ों किसान खेतों को पानी नहीं मिलने के कारण और कर्ज के बोझ तले आत्महत्या कर चुके हैं। सैकड़ों किसानों ने भाजपा के 15 साल के शासनकाल में आत्महत्या की है। भाजपा अपने किसान विरोधी रवैये का फल भुगत ही रही है। भाजपा ने धान खरीदी पर घोटाले किये हैं। किसानों को लूटा है। कांग्रेस की सरकार में घोटाले और लूट पर रोक लगी है। इसलिये भाजपा किसानों का मुखौटा लगाकर आंदोलन कर रही है।

किसानों को धान का 2500 रुपए देने की बात पर भाजपा मुंह छिपाते फिर रही

संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने भारतीय जनता पार्टी को आईना दिखाते हुए कहा है कि भाजपा किसानों के साथ कभी नहीं रही है, अभी केवल घड़याली आंसू बहा रही है। जब किसानों को 2500 रुपए देने की बारी आयी तो तब आगे-पीछे होने लगी और मुंह छिपाते फिर रही थी।

भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार ने अपने दम पर पिछले साल किसानों की 11000 करोड़ रुपए की कर्जामाफी करते हुए उनसे 2500 रुपए में 80 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा था। कांग्रेस सरकार किसानों को धान की कीमत 2500 रुपए देने का वायदा हर हाल पूरा कर रही है। किसानों को 2500 रुपए के अंतर की राशि देने के लिए मंत्री स्तरीय कमेटी की रिर्पोर्ट के अुनसार जल्द ही किसानों को उनके खातों में राशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य गठन के बाद इस बार रिकार्ड धान की खरीदी की है। राज्य गठन के बाद अब तक सर्वाधिक 82.80 मीट्रीक टन धान की खरीदी की गई है। करीब 18 लाख 21 हजार किसानों के खाते में 14 हजार 700 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। कांग्रेस की सरकार ने पिछले साल 80 लाख मीटरिक टन धान खरीदा था जो इस साल अपने ही रिकार्ड को तोड़ा है। इस साल 2 लाख 34 हजार ज्यादा किसानों से धान खरीदा गया है।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बयान में कहा है कि केन्द्र सरकार धान सहित विभिन्न फसलों की समर्थन मूल्य तय करती है। राज्य सरकार केन्द्र की ओर से धान खरीदती है। हम अपने राज्य के किसानों को राज्य सरकार के कोष से 25 सौ रूपए की अंतर की राशि देना चाहते थे लेकिन इसमें भी भारतीय जनता पार्टी को आपत्ति थी। बोनस राशि देने पर केन्द्र के द्वारा धान खरीदी के लिए राशि नहीं देने का फरमान सुना दिया। यहां तक कि किसानों को 2500 रूपए में धान खरीदी के लिए अपनी बात रखने के लिए मुख्यमंत्री श्री बघेल प्रधानमंत्री से मिलना चाहते थे तब प्रधानमंत्री ने उन्हें मिलने का समय भी नहीं दिया। यह छत्तीसगढ़ के किसानों का सीधा अपमान है। इसे किसान हमेशा याद रखेंगे।

Back to top button