छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर व सरगुजा संभाग में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश की संभावना, न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा …

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मौसम में एक बार फिर बदलाव होने संभावना है। मौसम विभाग ने बिलासपुर व सरगुजा संभाग में हल्की बारिश व बूंदाबांदी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा मौसम में बदलाव की चेतावनी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आसमान पर बादल छाए रहने से फसलों में कीट व्याधि का प्रकोप बढ़ जाता है। मौसम में आने वाले बदलाव की वजह से न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी तो वहीं अधिकतम तापमान में बुधवार को वृद्धि और उसके बाद गिरावट की संभावना है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण पाकिस्तान और उससे लगे राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। इसके कारण प्रदेश में हवा की दिशा दक्षिण (बंगाल की खाड़ी से नमीयुक्त) होने की संभावना है।

प्रदेश में 23 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिले में एक-दो स्थानों पर देर रात्रि  या 24 फरवरी सुबह में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। प्रदेश में अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में बुधवार को वृद्धि  और उसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है।

धमधा के किसान हेमू साहू ने बताया कि बार-बार मौसम में आ रहे बदलाव व बारिश से उन्हारी फसलों को नुकसान हुआ है। इधर तिवरा, चना आदि फसलों में कीट (इल्ली) ज्यादा है। दवा का छिड़काव भी किए हैं, लेकिन बारिश व बदली से असर कम हुआ। बादल छाने की वजह से सब्जी फसल को भी नुकसान होगा।

Back to top button