मध्य प्रदेश

सिवनी के गोडेगांव क्षेत्र में बाघ ने दो ग्रामीणों पर किया हमला, एक की मौत, एक घायल

खेत में छिपा टाइगर, ग्रामीणों में दहशत, पुलिस और वन विभाग की टीमें पहुंची

भोपाल/सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के धोबी सर्रा सर्किल के गोडेगांव में बाघ की दहशत से ग्रामीण काफी परेशान हैं। रविवार सुबह बाघ ने घर की बाड़ी में मौजूद दो लोगों पर हमला कर दिया। इसमें एक व्यक्ति चुन्नीलाल पटले की मौत हो गई। एक अन्य घायल हो गया है। बाघ ने उसे पंजा मारकर घायल किया है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचा पुलिस और वन विभाग का अमला
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने वन अमले और पुलिस विभाग को दी। इसके बाद पुलिस बल और वन अमला भी मौके पर पहुंचा। जहां पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। बाघ के हमले में ग्रामीण की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश है। फिलहाल मौके पर लोगों का हुजूम लगा हुआ है। इस घटना से जहां क्षेत्र सनसनी का माहौल है। वहीं क्षेत्र वासी काफी आक्रोश में है। मौके पर मौजूद पटवारी राजीव सनोड़िया ने बताया कि मृतक का नाम चुन्नीलाल पटले 55 वर्ष बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक अभी भी खेत में छिपा है बाघ
ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल से कुछ दूरी पर तुअर के खेत के आसपास बाघ अभी भी छिपा है। इसके बारे में वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दे दी है। बाघ के हमले की सूचना पर न केवल गोडेगांव, बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस और वन विभाग की टीम द्वारा लोगों को समझाइश देकर ग्रामीणों को बाघ से दूर हटाने और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Back to top button