मध्य प्रदेश

108 कमरे वाला एमपी भवन आध्यात्मिक परिपूर्णता को दर्शाता है: शिवराज

मुख्यमंत्री ने किया मध्यप्रदेश भवन का लोकार्पण

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री ने बजट के माध्यम से 50 साल के बाद के भारत की बुनियाद रखी है, उसी तर्ज पर हमने दिल्ली में अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण नवनिर्मित मध्यप्रदेश भवन को आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाया है। यह भवन केन्द्र और राज्य के सह अस्तित्व की भावना को और मजबूत करेगा। साथ ही देश की राजधानी दिल्ली में मध्यप्रदेश की विरासत, कला, संस्कृति और प्रदेश के आमजन के प्रतीक के रूप में उभरेगा।

मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली में नवनिर्मित मध्यप्रदेश भवन का लोकार्पण कर रहे थे। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, खजुराहो सांसद वी.डी.शर्मा, मुरलीधर राव सहित मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद के सदस्य और अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने नवीन भवन का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन का निर्माण चाणक्यपुरी क्षेत्र में जीसस एंड मेरी मार्ग पर डेढ़ एकड़ में लगभग 150 करोड़ रूपये की लागत से किया गया है।

नए भवन का प्रत्येक फ्लोर प्रदेश की अलग संस्कृति को दर्शाता है। भवन में बाहर से लेकर अंदर तक हर कदम पर राज्य की धार्मिक, सांस्कृतिक, कला और परंपरा प्रदर्शित है, जो मध्यप्रदेश के कण-कण से रू-ब-रू करायेगी। इस भवन में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 108 कक्ष निर्मित किये गये हैं। हमारे योग शास्त्र में 108 का अंक आध्यात्मिक परिपूर्णता का प्रतीक है और वैदिक विज्ञान के अनुसार 108 सृष्टि की संपूर्णता का द्योतक है। यह ब्रह्मांड और हमारे एकमेव होने का उदाहरण है। निश्चित ही यह भवन केन्द्र और राज्य के सह अस्तित्व को मजबूत करने का काम करेगा। मुख्यमंत्री  ने कहा कि नवीन मध्यप्रदेश भवन में राज्य की संस्कृति, वन्य-जीव, जनजातीय परम्परा, कला, स्थानीय व्यंजन और राजनीतिक हस्तियों को भी दर्शाया गया है। यहाँ कॉन्फ्रेंस रूम, ऑडिटोरियम, वीआईपी लाउंज और डाइनिंग रूम जैसी सभी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

Back to top button