राजस्थान

साधु ने महिला पर फेंका एसिड, चेहरा बुरी तरह झुलसा, बचने के लिए 1 किलोमीटर तक दौड़ी ….

भीलवाड़ा । साधु ने महिला पर पहले हमला किया और फिर एसिड फेंक दिया। महिला चिल्लाते हुए करीब 1 किमी तक दौड़ती हुई घर पहुंची। एसिड से महिला का चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। मामला भीलवाड़ा के मांडल इलाके के घोड़ास गांव का मंगलवार सुबह 10 बजे की है। महिला का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पूरी घटना के बारे में बता रही है।

ASI शंकरलाल ने बताया कि एसिड अटैक में 43 साल की जडाई देवी झुलसी है। हॉस्पिटल जाकर महिला का बयान लिया गया है। घटना महिला के खेत पर की गई थी। खेत उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर गांव से बाहर है। वहां सुबह के समय कोई नहीं था। उस समय महिला पर हमला किया गया।

झुलसी महिला का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में जडाई देवी ने बताया कि वह मंगलवार सुबह खेत पर भैंसों को छोड़ने गई थी। इस दौरान काले कपड़ों में एक साधु उसके पास आया। पहले उसने हथियार से हमला किया, जिससे वह नीचे गिर गई। उसके बाद एसिड फेंक दिया। इससे उसका चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया।

खेत में आस-पास कोई मौजूद नहीं था। एसिड अटैक के बाद सूनसान रास्ते से चीखते-चिल्लाते हुए महिला गांव पहुंची। गांव के चौराहे पर बैठे ड्राइवर देवीलाल ने महिला को देखा। उसने लोगों और महिला के घरवालों को बुलाया। महिला का पति उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल में ले गया। फिलहाल महिला बर्न वार्ड में भर्ती है। साधू ने एसिड अटैक क्यों किया, इसका कारण अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल परिजनों की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है।

Back to top button