छत्तीसगढ़पेण्ड्रा-मरवाही

कांग्रेस कार्यालय में हुई नेताओं की लड़ाई को लेकर प्रदेश मुख्यालय नाराज, कई पदाधिकारियों पर गिर सकती है गाज

गौरेला। कल पेंड्रा में हुई जिला कांग्रेस कमेटी के बैठक में हुई लड़ाई झगड़ा और झूमा झपटी में कांग्रेस आलाकमान ने बेहद नाराजगी जाहिर की है। सूत्रों के अनुसार जिला व ब्लॉक के पदाधिकारियों को रायपुर तलब कर उनसे जवाब तलब किया जा सकता है अथवा कुछ पदाधिकारियों की छुट्टी भी की जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार कल की जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता व पेंड्रा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास के बीच हुई झड़प को कांग्रेस आलाकमान ने गम्भीरता से लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच जमकर गली गलौज और झूमा झपटी हुई थी और समर्थकों के बीच जमकर बवाल हुआ था। ज्ञात हो कि मरवाही में अभी कुछ महीने बाद ही उपचुनाव होना है और कांग्रेस पूरी ताकत से इस चुनाव को लड़ना चाह रही है। यही नहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी सीधी नजर इस चुनाव में है। यही कारण है कि आये दिन यहाँ मंत्रियों, कांग्रेस पदाधिकारियों का दौरा लगा रहता है। मंत्री भी समय समय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करते रहते हैं। पर कांग्रेस पदाधिकारियों के इस प्रकार के वर्चस्व की लड़ाई में आमजन तक गलत संदेश जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार कल ही कांग्रेस कार्यालय की इस झड़प की सूचना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को दी जा चुकी है। ऐसे में जानकारी है कि जिला काँग्रेस के कुछ पदाधिकारियों को आलाकमान रायपुर तलब कर जवाब मांग सकती है अथवा कुछ पदाधिकारियों की छुट्टी भी की जा सकती है।

Back to top button