नई दिल्ली

रेल मंत्रालय ने शेयर की तस्वीरें; नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नया लुक देख आप भी हो जाएंगे हैरान, देखें सोशल मीडिया रिएक्शन …

नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने अपने ट्विटर हैंडल पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए प्रस्तावित डिजाइन को साझा किया है। इस डिजाइन को देख नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की भव्यता का अंदाजा साफ लगाया जा सकता है। दरअसल, केंद्र की मोदी सरकार देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कर रही है। रेल मंत्रालय ने ट्वीटर पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए प्रस्तावित डिजाइन को साझा किया है। डिजाइन के साथ रेल मंत्रालय ने लिखा, ‘एक नए युग की शुरुआत: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए प्रस्तावित डिजाइन।’

हालांकि, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में और क्या खासियतें होंगी। इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। लेकिन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का ये नया लुक काफी कुछ बयान कर रहा है। जब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को अपना नया रूप मिलेगा। तो भारत का सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक स्टेशन बन जाएगा। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को गुंबद आकार के दो बड़े हिस्सों में विभाजित किया जाएगा। ये गुंबदनुमा ढांचा स्टेशन की नई इमारत होगी।

इस प्रोजेक्ट को स्टेशन परिसर और व्यावसायिक विकास के तहत दो भागों में बांटा गया है। स्टेशन परिसर के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से लैस गुंबद के आकार वाली नई इमारत का निर्माण किया जाएगा। इसमें दो आगमन और प्रस्थान के दो-दो रास्ते होंगे। इतना ही नहीं, नई रेलवे इमारत के साथ ही रेलवे ऑफिस, रेलवे क्वॉर्टर भी बनाए जाएंगे। दूसरी ओर, स्टेशन परिसर के साथ होटल और आवासीय परिसर भी तैयार किए जाएंगे। माल ढुलाई के लिए स्टेशन के दोनों तरफ दो मल्टी-मॉडल परिवहन केंद्र, 40 मंजिला ट्विन टावर और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए अलग रास्ते बनेंगे।

रेलवे के इस ट्वीट के बाद ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। कुछ यूजर्स ने इस डिजाइन की तारीफ की है। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि इस तरह के जटिल डिजाइन की कोई आवश्यकता नहीं थी। एक यूजर ने लिखा, ‘नई दिल्ली की गर्मी में कांच की इमारत’ विकास दिखाने के लिए मूर्खतापूर्ण सौंदर्य पर पैसा बर्बाद करना। कोई वास्तविक उपयोगिता नहीं है।’

Back to top button