मुंगेली

एनसीआर के समर्थन में सांसद अरुण साव रैली में हुए शामिल

मुंगेली (अजीत यादव) । सांसद अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के समर्थन में नागरिक जागरण मंच के द्वारा रेस्टहाउस मैदान से विशाल जनजागरण रैली निकाल सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपाइयों ने 300 फीट का तिरंगा लेकर नगर भ्रमण किया।

सभा में सांसद अरुण साव ने कहा कि जो हिन्दू सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई 31 दिसंबर 2014 तक पाकिस्तान , बांग्लादेश और अफगानिस्तान से पीड़ित होकर भारत आये हैं वे सभी अब भारत के नागरिक होंगे। यह कानून मुस्लिमों के खिलाफ नहीं है। जिन 6 समुदायों को इस कानून में नागरिकता लेने की सहुलियत दी गयी है उसके अलावा भी पूरे विश्व में रह रहे हर समुदाय के लोगों के लिए पुराने नागरिकता कानून इंडियन सिटीजनशिप एक्ट 1955 के तहत नागरिकता लेने का अधिकार यथावत रखा गया है। उसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। सांसद ने आगे कहा कि देश का हर मुसलमान देश हित में कानून के साथ खड़ा है व सीएए के समर्थन में है व यहाँ पूरी तरह सुरक्षित है। नागरिकता कानून उनका कोई अधिकार नहीं छीनता।

विपक्षी दल गलत तरह से भ्रम ना फैलाए। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में अब लंबे समय से अन्याय का दंश झेल रहे लोगों को न्याय प्राप्त हुआ है। इस तरह से ऐतिहासिक भूल का सुधार हुआ है। निश्चित रूप से इस निर्णय से हम भारतीयों का मस्तक ऊंचा हुआ है। इस सभा को नागरिकता संशोधन अधिनियम के जिला प्रभारी निश्चल गुप्ता, गिरीश शुक्ला, जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेश पाठक व सुनील पाठक, आकाश परिहार, रामपाल सिंह आदि  ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष राणाप्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर रैली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा युवा मोर्चा, बजरंग दल, धर्म सेना सहित कई संगठन के लोग शामिल थे। रेस्टहाउस से प्रारंभ हुई रैली दाऊपारा चौक, पुलपारा, परशुराम चौक, सदर बाजार, महावीर स्वामी चौक, नंदी चौक, शहीद हेमू कालानी चौक, नेहरू चौक, महाराणा प्रताप चौक, माँ परमेश्वरी चौक, निरंजन केशरवानी वाटिका होते पुनः रेस्टहाउस मैदान पहुँचकर समाप्त हुई।

Back to top button