
नन्हे बच्चों ने गीत और कविताओं से दी बधाई; मंत्री राजवाड़े ने अपने हाथों से परोसा भोजन और उनके साथ बैठकर किया भोजन
बच्चों की मुस्कान के बीच मना मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का जन्मदिन, आंगनबाड़ी में साझा किया न्योता भोज
नन्हे बच्चों ने गीत और कविताओं से दी बधाई; मंत्री राजवाड़े ने अपने हाथों से परोसा भोजन और उनके साथ बैठकर किया भोजन
टॉफियां और उपहार पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे, स्वच्छता और अच्छी आदतों का दिया संदेश
रायपुर
जन्मदिन की खुशियां अपनों के बीच मनाई जाती हैं, लेकिन जब इन खुशियों में बच्चों की मुस्कान जुड़ जाए तो वह दिन और भी खास बन जाता है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन सूरजपुर जिला के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मनाया। न्योता भोज के इस आत्मीय आयोजन में उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ पंगत में बैठकर भोजन किया। इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी भी मौजूद रहे।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचते ही बच्चों ने एक स्वर में “हैप्पी बर्थडे टू यू” गाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण स्वागत से आयोजन में अपनत्व और उल्लास घुल गया। मंत्री ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की, उनके नाम पूछे और उन्हें अपनी बातें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों ने पूरे उत्साह से अपना परिचय दिया।
बातचीत के दौरान बच्चों ने “मछली जल की रानी है”, “आलू कचालू” और “तितली रानी” जैसी बाल कविताएं सुनाईं। नन्हे बच्चों की प्यारी प्रस्तुतियों पर मंत्री ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। जब उन्होंने पूछा कि आंगनबाड़ी में रोज कौन-कौन आता है, तो बच्चों ने मुस्कुराते हुए हाथ उठाकर जवाब दिया। उनकी सहजता और आत्मविश्वास ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।
बच्चों के साथ संवाद में मंत्री ने स्वच्छता की अच्छी आदतों पर भी बात की। उन्होंने पूछा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए। बच्चों ने एक साथ कहा “डस्टबिन में।” मंत्री ने उनकी सराहना की और आसपास साफ-सफाई रखने की सीख दी।
बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
न्योता भोज में बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित कई व्यंजन परोसे गए। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया। इसके बाद मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया। बच्चों के बीच बैठकर भोजन साझा करने का यह सहज दृश्य आयोजन की सबसे आत्मीय झलक बना।
भोजन के बाद मंत्री ने बच्चों को टॉफियां और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के साथ बिताए गए इन पलों ने आयोजन को स्नेह और आत्मीयता से भर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज का उद्देश्य समुदाय को बच्चों के पोषण, देखभाल और समग्र विकास से जोड़ना है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर इस पहल में सहभागिता का संदेश दिया। बच्चों के गीत, कविताएं और उनकी खिलखिलाहट इस दिन की ऐसी याद बन गईं, जिसमें जन्मदिन की खुशी बच्चों के साथ साझा हुई।





