छत्तीसगढ़बिलासपुर

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने वेबिनार के माध्यम से कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कहा- दीनदयाल उपाध्याय का सपना था आत्मनिर्भर बनें हम …

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर द्वारा दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित जिला वेबिनार में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन के प्रसंगों पर संबोधित करते हुए कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का समूचा जीवन समाज की उन्नति के लिये समर्पित रहा है। वह समग्र विकास की परिकल्पना को पूरा करने के लिये एक महान वैचारिक महायज्ञ में जुटे थे। इस पुनीत कार्य में हम सब की तरफ से एक-एक पूर्णाहुति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र को हर संभव दिशा में सशक्त बनाने का सपना देखा था। उसी सपने को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से पूरा करने में जुटे हैं। जिसमें हम सबकी सहभागिता जरूरी है।

नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय जनसंघ की स्थापना के साथ ही राष्ट्र मे एक नवीन विचारधारा को स्थापित करना चाहते थे। जिस परिश्रम और पराक्रम के साथ वे इस दिशा मे जुटे, वह उनके जीवन दर्शन में देखने को मिलता है, वे जौनपुर से चुनाव लड़े और वहां से हार मिली, उसके बाद उन्होंने कहा कि पराक्रमी कभी परास्त नही होता है, वह अपने पराक्रम से साथ सबका जीवन प्रगति करता है, वे समाज में समग्रता के लिये हर युग में याद किये जायेंगे। उनके पुण्य प्रताप के अलख को लेकर हमें गतिशील रहते हुए सबके हित में कार्य करना है। हम सामाजिक जीवन में जितने नैतिक होंगे, उतने ही हम मजूबत होंगे। पराजय होने पर हम विजय की कामना करते हैं। इसलिये हमें एक भाव, एक विचार और दीनदयाल के आदर्श को लेकर मजबूती से मैदान में जुटे रहना होगा। विजय हमारी सुनिश्चित है।

भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक, कुशल संगठनकर्ता, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं पार्टी की विचारधारा प्रदान करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्त्रोत दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर दीनदयाल के जीवन पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से वेबिनार आयोजित किया गया है जिसमें जुड़े समस्त भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का स्वागत है।

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद अरूण साव, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, पूर्व सांसद लखन साहु, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी, पूर्व अध्यक्ष महिला आयोग हर्षिता पांडेय, महामंत्री घनश्याम कौशिक, मोहित जायसवाल सहित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा जिलाध्यक्ष, मोर्चा व मोर्चा पदाधिकारी सहित बिलासपुर जिले के कार्यकर्ता वेबिनार में शामिल हुए।

Back to top button