Uncategorized

बिहार के सीवान में फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध फायरिंग, सरेराह चार को मारी गोली, दो मौत …

सीवान । बिहार के सीवान में गुरुवार की दोपहर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। फिल्मी स्टाइल में बाइक सवारों ने महाराजगंज रामप्रीत मोड़ के पास अंधाधुंध फायरिंग कर चार लोगों को गोली मार दी। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल हैं। दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल से सीवान के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अचानक हुई वारदात से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात की खबर लगते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है। वारदात का कारण भी पुलिस को पता नहीं चल सका है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार की दोपहर करीब पौने तीन बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने महाराजगंज के रामप्रीत मोड़ के पास फायरिंग शुरू की। दोनों बदमाश तीन पिस्टल से गोली चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार बाइक सवार अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में गोलियां चलाईं। सबसे पहले बदमाशों ने अरमान हुसैन नामक एक युवक को गोली मारी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद थोड़ा आगे बढ़कर एक अन्य युवक को गोलियां मार दीं। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

दोनों को गोली मारने के बाद पैदल जा रहे राहगीर रघुनाथपुर के अशोक पटेल को मारी। अशोक पटेल भी गोली लगते ही गिर पड़े। बदमाशों वहां से आगे बढ़े तो बाइक सवार बंदरा निवासी मनीष कुमार ने साइड देने में देरी कर दी। इस पर उसे भी गोली मार दी। एक साथ चार लोगों के गोली लगने से लहूलुहान होकर गिरा देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बुरी तरह घायल अशोक और मनीष को स्थानीय अस्पातल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख वहां से सीवान के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मौका मुआयना कर जांच में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल घटना का कारण भी नहीं पता चल सका है।

गोली से मारे गए अरमान के साथ जा रहे युवक ने बताया कि बाइक सवार बिना वजह गोली मार रहे थे। जिसे भी देख रहे थे गोली मार रहे थे। कभी हवा में गोली चलाते कभी सीधे गोली चला रहे थे। पीछे बैठा युवक तीन पिस्टल लिया था। हर कोई गोली से बचने के लिए इधर उधर भाग रहा था। मेरे सामने तीन लोग गोली लगने से मौके पर गिरे थे। आगे भी गोली चलाते हुए जा रहे थे।

Check Also
Close
Back to top button