Uncategorized

भड़के अधीर रंजन चौधरी बोले- अगर कांग्रेस नहीं होती तो ममता बनर्जी जैसे लोग पैदा नहीं होते, BJP की एजेंट हैं वो ….

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर कांग्रेस के सीनियर नेता अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर कांग्रेस नहीं होती तो ममता बनर्जी जैसे लोग पैदा नहीं होते। उन्हें यह याद रखना चाहिए। अधीर रंजन ने कहा, “आप कांग्रेस के खिलाफ टिप्पणी क्यों कर रही हैं? अगर कांग्रेस नहीं होती तो ममता बनर्जी जैसे लोग पैदा नहीं होते। उन्हें यह याद रखना चाहिए। वे बीजेपी को खुश करने के लिए गोवा गईं, उन्होंने कांग्रेस को हरा दिया। आपने गोवा में कांग्रेस को कमजोर किया, यह सब जानते हैं।”

कांग्रेस नेता ने ममता बनर्जी पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। अधीर रंजन ने कहा, “वे (ममता बनर्जी) भाजपा को खुश करने और भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने के लिए ऐसा कह रही हैं। प्रासंगिक बने रहने के लिए वह इस तरह की बातें कहती हैं। पागल व्यक्ति को जवाब देना सही नहीं है, पूरे भारत में कांग्रेस के 700 विधायक हैं। दीदी के पास हैं? कांग्रेस के पास विपक्ष के कुल वोट शेयर का 20% है। क्या उनके पास है?”

दरअसल, विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में भाजपा की जीत के बाद बीजेपी-विरोधी गठबंधन के लिए ममता ने क्षेत्रीय दलों से संपर्क साधने की कोशिशें तेज कर दी हैं। इस सिलसिले में उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि कांग्रेस को साथ रखने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि अब उसमें वह बात नहीं रही। बनर्जी ने कहा, ”मुझे लगता है कि भाजपा का मुकाबला करने को इच्छुक सभी राजनीतिक दलों को साथ मिलकर काम करना चाहिए। कांग्रेस पर निर्भर रहने का कोई मतलब नहीं है।”

ममता ने कहा कि कांग्रेस पहले जीतने में सफल होती थी क्योंकि उसके पास संगठन था। लेकिन अब, अब वह हर जगह हार रही है। ऐसा नहीं लगता है कि अब उन्हें (जीतने में) कोई दिलचस्पी है। उनकी विश्वसनीयता खत्म हो गई है। बनर्जी ने यह भी कहा कि कई मजबूत क्षेत्रीय पार्टियां हैं और वह एकजुट होकर ज्यादा प्रभावी होंगी।

Back to top button