मध्य प्रदेश

कांग्रेस आज से भरवाएगी नारी सम्मान योजना के फॉर्म

सभी जिलों में पत्रकारवार्ता कर जानकारी देंगे पार्टी के नेता

भोपाल। कांग्रेस पार्टी मंगलवार से नारी सम्मान योजना का शुभारंभ करने जा रही है। महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए और कांग्रेस की लाड़ली लक्ष्मी योजना को टक्कर देने के उद्देश्य से लाई गई इस योजना की लांचिंग छिंदवाड़ा से मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ करेंगे। जबकि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस प्रदेश मीडिया विभाग के पदाधिकारी पत्रकारवार्ताएं करके योजना के संबंध में जानकारी देंगे।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा के परासिया में नारी सम्मान योजना का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड के पाठ से होगी। उसके बाद महिला सम्मेलन में कमलनाथ एवं छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ योजना का श्रीगणेश करेंगे। कार्यक्रम के अंत में नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू होगी। छिंदवाड़ा के कार्यक्रम के तुरंत बाद पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालय पर वरिष्ठ नेता जिला स्तर पर नारी सम्मान योजना को लांच करेंगे और पत्रकार वार्ता को संबोधित कर इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से साझा करेंगे। भोपाल में दोपहर 1 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मप्र के पूर्व मंत्री एवं हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए दीपक जोशी, मप्र महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए नारी सम्मान योजना की जानकारी देंगे।

शिवराज दो हजार रुपये वसूलकर एक हजार देने की योजना लाए

प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने नारी सम्मान योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक मील का पत्थर साबित होगी। महिलाओं के सशक्तिकरण से ही प्रदेश का विकास संभव होगा। 2023 में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस योजना को प्रारंभ किया जाएगा, जिसके तहत महिलाओं को 1500 रूपए प्रतिमाह सम्मान राशि तथा 500 रूपए में गैस सिलेंडर दिया जायेगा। वर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज महिलाओं को बरगलाने के लिए लाडली बहना लेकर आए हैं, जो मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर उन्हीं बहनों को 1200 रुपये में दे रहे, तेल, चावल, अनाज सभी में भारी महंगाई कर 2000 से ज्यादा उन बहनों से छीन रहे हैं। उन्हें 1000 वापस कर कौन सा भला कर रहे हैं।

Back to top button