
योगी सरकार में बिजली शिकायतों का त्वरित समाधान, जुलाई में 99.01% मामलों का निस्तारण
योगी सरकार में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान, जुलाई में 99.01% शिकायतें निस्तारित
सभी डिस्कॉम में आई शिकायतों में से अधिकांश का समयबद्ध समाधान
बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण
24×7 सक्रिय 1912 हेल्पलाइन, उपभोक्ताओं को त्वरित समाधान की सुविधा
लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि जुलाई 2026 में प्रदेश के विभिन्न विद्युत वितरण निगमों में कुल 20.17 लाख शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से करीब 99.01 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की गई। बिजली आपूर्ति, बिल, मीटर, कनेक्शन समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी गई। शिकायत निस्तारण की यह स्थिति प्रदेश में बेहतर उपभोक्ता सेवा, सक्रियता और विभागीय जवाबदेही को दर्शाती है।
सभी डिस्कॉम की अधिकांश शिकायतों का समयबद्ध समाधान
जुलाई महीने में प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगमों में उपभोक्ताओं की ओर से बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें डीवीवीएनएल में 3.64 लाख से अधिक, एमवीवीएनएल में 6.42 लाख से अधिक, पीयूवीवीएनएल में 3.12 लाख से अधिक, पीवीवीएनएल में 5.34 लाख से अधिक और केस्को में 1.64 लाख से अधिक शिकायतें आई थीं। विभागीय स्तर पर इन शिकायतों के निस्तारण के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके चलते अधिकांश शिकायतों का समाधान समय रहते कर दिया गया।
बिजली आपूर्ति की शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण
सभी डिस्कॉम में सबसे अधिक शिकायतें बिजली सप्लाई से संबंधित प्राप्त हुईं। विभाग ने इन शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया। इसके अलावा बिल संशोधन, मीटर संबंधी समस्या, स्मार्ट मीटर, नए बिजली कनेक्शन समेत उपभोक्ताओं से जुड़ी अन्य शिकायतें भी सामने आईं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से त्वरित कार्रवाई की गई।
24×7 सक्रिय है 1912 हेल्पलाइन
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली विभाग की 1912 हेल्पलाइन लगातार 24 घंटे उपलब्ध है। बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या या सहायता के लिए उपभोक्ता 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। विभागीय टीम शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेकर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने के लिए 24×7 सक्रिय रहती है।
मानसून में बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
मानसून के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, मीटर बॉक्स और जलभराव वाले स्थानों के आसपास करंट का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में विभाग की ओर से लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। बच्चों को बिजली के उपकरणों, खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा ऐसे स्थानों पर खेलने या घूमने से रोकने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 1912 हेल्पलाइन या नजदीकी पावरहाउस से संपर्क करने की अपील की गई है।
अगस्त में विशेष उपभोक्ता सेवा शिविर, एक जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक यूपीपीसीएल के विशेष उपभोक्ता सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में उपभोक्ता बिजली सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। शिविरों में बिल संशोधन, नया बिजली कनेक्शन, मीटर संबंधी शिकायत, भार वृद्धि, विधा परिवर्तन, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपडेट समेत कई सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रात में भी मैदान में डटे बिजलीकर्मी
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभागीय बिजलीकर्मी दिन-रात अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान कर्मचारी मेंटेनेंस और मरम्मत कार्यों में लगातार जुटे हुए हैं। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि हेल्पलाइन नंबर 1912 पर आने वाली शिकायतों का लगातार मॉनिटर करें और यह सुनिश्चित करें कि समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण हो।















