नई दिल्ली

दुनिया के सबसे बड़े विमान ने 10 महीने बाद एक बार फिर से भरी उड़ान …

नई दिल्ली। दुनिया का सबसे विशाल विमान एंटोनोव एएन-225 विमान एक बार फिर से आसमान में अब लौट आया है। दुनिया के सबसे भारी और सबसे लंबे समय तक चलने वाले विमान एंटोनोव एएन-225 ने लगभग एक साल बाद मंगलवार को अपनी पहली उड़ान भरी। 84 मीटर विशाल यह विमान मंगलवार शाम (यूक्रेन की राजधानी कीव के गोस्टोमेल एंटोनोव हवाई अड्डे से उड़ान भरी और वह उस दिन खबर लिखे जाने तक विमान पश्चिम एशिया के ऊपर पूर्व की ओर आगे बढ़ रहा था।

बताया जा रहा है कि एंटोनोव एएन-225 विमान (UR82060 के रूप में पंजीकृत) ने मंगलवार को गोस्टोमेल एंटोनोव एयरपोर्ट से प्रस्थान किया। दक्षिण की ओर उड़ान भरने के बाद विमान काला सागर के ऊपर पूर्व की ओर मुड़ गया। कैस्पियन सागर और तुर्कमेनिस्तान को पार करने से पहले जॉर्जिया और अजरबैजान में इस विमान को देखा गया।

सिंपल फ्लाइंग ने सूत्रों के हवाले से पुष्टि की है कि एंटोनोव विमान काबुल के हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहा था और यह विमान बुधवार को अफगानिस्तान की राजधानी में उतरा है। हालांकि, अब तक इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

अगस्त 2020 के बाद दुनिया के सबसे विशाल विमान एएन-225 की मंगलवार रात पहली उड़ान थी। तेल अवीव से गोस्टोमेल के लिए 3 अगस्त की उड़ान के बाद ऑपरेटर ने भारी मेंटनेंस की वजह से विमान को सेवा मुक्त कर दिया था। एंटोनोव एन-225 एक तरह का कार्गो विमान है। इसके विंग की लंबाई 88.4 मीटर है और इसकी ऊंचाई 18.2 मीटर है। इसे 80 के दशक में सोवियत संघ में बनाया गया था।

Back to top button