लखनऊ/उत्तरप्रदेश

अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को की जाएगी, अयोध्या के बाद चार तीर्थ स्थलों से जुड़ चुकी है वंदे भारत

अयोध्या
देशभर में लोकप्रिय हो रही वंदे भारत को तीर्थस्थलों से भी जोड़ा जा चुका है। अब तीर्थ यात्री वंदे भारत के जरिए अपनी तीर्थ यात्रा को सुगम बना सकते हैं। अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को की जाएगी। 26 जनवरी से यह मंदिर आम लोगों के लिए भी खोला जा रहा है। ऐसे में लोग अयोध्या धाम की यात्रा करने के लिए बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंच सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आनंद विहार से अयोध्या के लिए वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की है। अयोध्या के अलावा अन्य तीर्थ स्थलों के लिए भी वंदे भारत की शुरुआत की जा चुकी है। यदि आप भी इस साल तीर्थ स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं तो हम उन चार तीर्थस्थलों की लिस्ट लेकर आए हैं, जहां वंदे भारत के जरिए आसानी से पहुंचा सकता है।  

अयोध्या
अयोध्या जाने के लिए आनंद विहार टर्मिनल से यह ट्रेन सुबह 6.10 पर चलती है और दोपहर में ढाई बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंच जाती है। यह ट्रेन वाया कानपुर सेंट्रल और लखनऊ होकर चलती है। ऐसे में दिल्ली से कानपुर और लखनऊ तक भी यात्रा करने वाले भी इससे सफर कर सकते हैं। वहीं, दोपहर में अयोध्या से इस ट्रेन के 3.20 पर वापस रवाना होने का समय रखा गया है और इसके बाद 6.35 पर कानपुर और रात में 11.40 पर आनंद विहार वापस पहुंच जाती है।

वाराणसी
नई दिल्ली से वाराणसी के बीच दो वंदे भारत को चलाया जा रहा है। सुबह और दोपहर के विकल्प के लिहाज से इन ट्रेनों को चलाया जा रहा है। ट्रेन केवल मंगलवार को छोड़कर हर सप्ताह में 6 दिन सुबह 6 बजे वाराणसी से नई दिल्ली के लिए रवाना होती है। ट्रेन दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचती है और 55 मिनट बाद दोपहर 3 बजे वाराणसी के लिए रवाना होती है। यह ट्रेन रात 11 बजकर पांच मिनट पर अपने गंतव्य पर पहुंचती है। अभी नई दिल्ली और वाराणसी के बीच चलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन सुबह 6 बजे दिल्ली से वाराणसी के लिए रवाना की जाती है। यह ट्रेन दोपहर 2 बजे वाराणसी पहुंचती है। यही ट्रेन दोपहर तीन बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होती है और रात 11 बजे गंतव्य पर पहुंचती है। यह मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है।

हरिद्वार
हरिद्वार जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी वंदे भारत ने अपनी सेवा शुरू कर दी है। हाल ही में नई दिल्ली से देहरादून के लिए वंदे भारत सेवा की शुरुआत की गई थी। यह ट्रेन हरिद्वार जाने वालों के लिए काफी मुफीद है। दिल्ली-देहरादून वंदे भारत ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से शाम 5:50 बजे अपनी यात्रा शुरू करती है। देहरादून के लिए जाने वाली इस वंदे भारत का अहम पड़ाव हरिद्वार में भी है। यह ट्रेन रात 9:19 बजे हरिद्वार स्टेशन पर पहुंचती है। वापसी में देहरादून से दिल्ली जाने के दौरान आप इसी ट्रेन को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से पकड़ सकते हैं।

पुरी
जगन्नाथ पुरी जाने वालों के लिए भी वंदे भारत ने अपनी सेवा शुरू की है। पुरी जाने के लिए वंदे भारत हावड़ा से सुबह 6.10 बजे रवाना होती है और दोपहर 12:35 बजे पुरी पहुंचती है। यानी करीब 6 घंटे और 15 मिनट में 500 किमी की यात्रा यह वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी कर लेती है। अपनी यात्रा के दौरान यह वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा से चलकर, खड़गपुर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड, कटक, भुवनेश्वर, खुर्दा रोड जंक्शन के रास्ते पुरी पहुंचती है।

 

Back to top button