मध्य प्रदेश

राजकुमार सालवी का मोबाइल उगलेगा राज, ईओडब्ल्यू खंगालेगी कॉट डिटेल्स…

इंदौर। नगर निगम क्लर्क राजकुमार सालवी के भ्रष्टाचार की पोल अब उनका मोबाइल उगलेगा। ईओडब्ल्यू के अधिकारी उनका कॉल डिटेल्स खंगालने की तैयारी में है। वहीं सालवी से जुड़े लोगों में डर बढ़ गया है। कर्मचारियों और ठेकेदारों की दीपावली बिगड़ जाने के आसार नजर आ रहे हैं। EOW (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) ने नगर निगम के लेखा विभाग में छोटे राजकुमार के रूप में पहचाने जाने वाले राजकुमार सालवी के घर पर छापा मारकर जांच की। इस जांच में करीब दो करोड़ रुपए की संपत्ति मिली है।

मनमानी से थे परेशान

निगम के ठेकेदार राजकुमार की मनमानी से परेशान थे। निगम की वित्तीय स्थिति के अनुसार लेखा विभाग में कमीशन के रेट बढ़ जाते थे। ऐसे में ठेकेदारों के लिए पेमेंट हासिल करना मुश्किल हो जाता था। वैसे तो कहने के लिए लेखा विभाग की कमान लेखा अधिकारी के हाथ में रहती है और इस पद पर वर्तमान में अपर आयुक्त स्तर के अधिकारी पदस्थ हैं। लेकिन, निगम में आने-जाने और काम करने वाले हर व्यक्ति को मालूम है कि अधिकारी कुछ नहीं करेंगे, जो कुछ करेगा वो राजकुमार करेगा। राजकुमार के घर पर छापा पड़ने के बाद नगर निगम में सन्नाटे की हालत बन गई।

नौकरी को लेकर दस्तावेजों में हेरफेर

ऐसी जानकारी मिली है कि 1997 में राजकुमार की नौकरी बियाबानी के कंजर मोहल्ले में रहने वाले क्षेत्रीय पार्षद ने अस्थायी मस्टरकर्मी के पद पर लगवाई थी। निगम में गहरी पेठ बनाने के बाद राजकुमार ने यहां दस्तावेजों में हेरफेर की और अपनी नौकरी 1993 से लगे होने की जानकारी दी। इसके बाद वह 2016 में स्थायी हो गया। उसके साथ में मस्टरकर्मी पर लगे अन्य लोग अभी भी अस्थायी हैं। EOW इस बात की भी पुष्टि कर रही है।

यह था मामला

EOW ने गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में नगर निगम इंदौर के क्लर्क के घर पर छापेमारी की थी । पूरी जानकारी जुटाने के बाद EOW की टीम नगर निगम में लेखा विभाग में पदस्थ क्लर्क राजकुमार सालवी के घर पहुंची थी । कार्रवाई के दौरान राजकुमार के यहां से तीन प्लॉट और सीता कॉलोनी में एक फ्लैट के दस्तावेज मिले थे। कार, 3 बाइक और बैंक खातों की जानकारी भी मिली थी । DSP अजय जैन के अनुसार अब तक की जांच में क्लर्क की 2 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी सामने आई है। अभी EOW ने पत्र लिखकर बैकों से जानकारी मांगी है। ​​​​​​ जांच में सामने आया कि राजकुमार की बेटी नेहा शहर के बड़े कॉलेज में पढ़ती है। यहां की सालाना फीस ही लाखों रुपए में है। वह विदेश जाने की तैयारी भी कर रही थी।

Back to top button