राजस्थान

Rajasthan News: भजनलाल मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरों को मिल सकती है जगह

गंगानगर/भरतपुर.

प्रदेश में भजनलाल सरकार लोकसभा चुनावों से पहले मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। सीएम भजनलाल शर्मा की सोमवार को राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात के बाद ये अटकलें और तेज हो गई हैं।। मौजूदा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री के अलावा 12 कैबिनेट, 4 स्वतंत्र प्रभार और 5 राज्यमंत्री हैं। इस लिहाज से 8 मंत्रियों के लिए अब भी मंत्रिमंडल में जगह बाकी है। इस मंत्रिमंडल विस्तार में 3 मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। इनमें वसुंधरा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके श्रीचंद कृपलानी का नाम भी शामिल है। विस्तार के साथ कुछ मंत्रियों के पोर्टफोलियो भी बदले जा सकते हैं।

लोकसभा चुनावों से ठीक पहले भाजपा राजस्थान में कुछ जातिगत समीकरण और साधना चाहती है, इसी के चलते मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में तीन नए चेहरे लाए जा सकते हैं और एक महिला राज्यमंत्री को कैबिनेट स्तर तक प्रमोट किया जा सकता है। इसमें अनुसूचित जाति से आने वाली महिला बाल विकास मंत्री मंजू बाघमार का नाम चर्चा में है। मंत्रिमंडल में एक चेहरा भरतपुर संभाग से भी लिया जा सकता है। हालांकि मंत्रिमंडल में भरतपुर संभाग से 2 मंत्री लिए गए हैं। इनमें सवाई माधोपुर से डॉ. किरोड़ीलाल मीणा व नगर से जवाहरसिंह बेढ़म सरकार में मंत्री हैं। भरतपुर लोकसभा क्षेत्र में भरतपुर के साथ अलवर ग्रामीण की कठूमर सीट भी आती है। वहीं अगर भरतपुर संभाग में विधानसभा चुनावी नतीजों की बात करें तो संभाग के चार जिलों में से भरतपुर में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। वहीं धौलपुर में भाजपा का सफाया हो गया। बाकि दो जिलों करौली और सवाई माधोपुर में में दो-दो सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस की जीत हुई है। भरतपुर की 7 विधानसभा सीटों में 5 पर भाजपा जीती है।

गंगानगर से फिर एक सिख चेहरा
इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर जिले से आने वाली सादुलशहर सीट से गुरवीर सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। विधानसभा चुनावों में पश्चिमी राजस्थान खासतौर पर गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू में भाजपा को जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब मंत्रिमंडल विस्तार में इन क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने के लिए बीजेपी को किसी नए चेहरे को शामिल करना होगा।

Back to top button