मध्य प्रदेश

पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिर मध्यप्रदेश में बढ़ाएंगे सक्रियता, मिशन 2023 में जुटे नेता …

भोपाल। सवा साल बाद होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले दोनों ही प्रमुख दलों कांग्रेस एवं भाजपा रणनीति बनाने में जुट गए हैं। भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री 5वीं बार मध्यप्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं। राज्य सरकार ने मिशन 2023 के लिए पीएम के आगमन के हिसाब से 5 मेगा प्रोजेक्ट की रणनीति बनाई है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मप्र में करीब 400 किमी का मार्ग तय करेगी। राहुल गांधी पहली बार 16 दिन मप्र में रहेंगे और रोज 25 किमी पैदल चलेंगे। उनकी यह यात्रा 7 सितंबर से  कन्याकुमारी से शुरू होगी, जो 48 दिनों में 3500 किमी का मार्ग तय कर कश्मीर में समाप्त होगी।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी के प्रत्येक आयोजन में डेढ़ से दो लाख लोग जुटेंगे। ज्ञात हो कि मप्र में कई विकास कार्य लगभग एक साल में पूरे होने वाले हैं। भाजपा संगठन और राज्य सरकार द्वारा इन प्रोजेक्ट के पूरे होने पर बड़े कार्यक्रम आयोजित कर मोदी को बुलाने की तैयारी की जा रही है। करीब 700 करोड़ के महाकाल मंदिर का प्रोजेक्ट पूरा होने पर उज्जैन में बड़ा आयोजन होगा। इससे भाजपा द्वारा पूरा मालवा-निमाड़ क्षेत्र कवर करने की योजना बनाई है।

इसी तरह मध्य क्षेत्र के लिए भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष का समापन होगा। इसी तरह विंध्य-महाकौशल के लिए मोहनिया टनल की शुरूआत की जाएगी। ये प्रदेश की सबसे बड़ी सिक्स लेन टनल रीवा से सीधी के बीच बनाई जा रही है। टनल दिसंबर 2022 तक पूरी होगी। वहीं ग्वालियर-चंबल में चंबल प्रोग्रेस-वे के लिए एक बड़े कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके अलावा चुनाव कैंपेन की शुरुआत के लिए भाजपा द्वारा 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित किया जाएगा।

दूसरी ओर मिशन 2023 के तहत कांग्रेस ने भी कमर कस ली है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर मप्र में आएंगे। उनकी यह यात्रा प्रदेश में करीब 400 किमी का मार्ग तय करेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी 16 दिन प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान वे प्रतिदिन 25 किमी पैदल चलेंगे। यात्रा मप्र के विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम मानी जा रही है। यात्रा का इंचार्ज विधायक पीसी शर्मा और प्रभारी जीतू पटवारी को बनाया गया है।

यात्रा के दौरान राहुल रिसॉर्ट या होटल में नहीं रुकेंगे। यात्रा कन्याकुमारी से 7 सितंबर से शुरू हो रही है। यह यात्रा 148 दिनों में 3500 किमी का मार्ग तय कर कश्मीर पहुंचेगी। राहुल गांधी पहली बार इतने अधिक 16 दिन मध्यप्रदेश में रहेंगे। मप्र में राहुल गांधी की यह यात्रा नवंबर में आना प्रस्तावित है। यात्रा महाराष्ट्र से मप्र के बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी। यहां से खंडवा, इंदौर, उज्जैन होते हुए आगर मालवा होते हुए राजस्थान के कोटा जिले में प्रवेश करेगी।

Back to top button