छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में संसदीय सचिव ने फहराया तिरंगा, कांग्रेस सरकार के 4 साल के उपलब्धियों की सजाई झांकी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को किया सम्मानित …

बिलासपुर । 74वां गणतंत्र पर पुलिस ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें संसदीय सचिव विकास ने परेड की सलामी लेकर ध्वजा रोहण किया। इस समारोह में राज्य सरकार की चार साल की उपलब्धियों की झांकी भी निकाली गई। समारोह के बाद संसदीय सचिव स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के घर पहुंचे और सम्मान किया।

राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह जिले में भर में गरिमामय माहौल में उत्साहपूर्वक से मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में लोक निर्माण, गृह, जेल एवं पर्यटन विभाग के संसदीय सचिव ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले परेड कमाण्डर प्रशिक्षु डीएसपी नुपूर ने परेड का नेतृत्व किया। इस दौरान मौजूद लोग अपने स्थान पर खड़े होकर सम्मान किया, वहीं वर्दीधारी अधिकारियों ने सेल्यूट किया। मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षोल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड कमाण्डर के नेतृत्व में पूरे परिधान में सजे हुए 12 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

पुलिस एवं नगर सेना के जवानों और अधिकारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में संसदीय सचिव उपाध्याय ने समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर मुख्य अतिथि ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जिले के 26 जवानों एवं बलौदा बाजार जिले के एक जवान के परिजनों को सम्मानित किया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नंदू राम भांगे को उनके घर जाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

अधिकारी-कर्मचारी हुए पुरस्कृत

समारोह में मुख्य अतिथि उपाध्याय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 91 अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिनमें स्वास्थ्य विभाग, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी शामिल है। मेजर ध्यानचंद पुरस्कार से कराटे के लिए किरण साहू और श्रीयांशी स्वर्णकार को पुरस्कृत किया गया। आदर्श अधीक्षक पुरस्कार योजना के तहत प्रथम पुरस्कार आदिवासी बालक छात्रावास बेलगहना के अधीक्षक एल. महेश्वर राव, द्वितीय पुरस्कार जरहाभाठा आदिवासी बैगा कन्या छात्रावास की अल्पना तिवारी और तृतीय पुरस्कार से आदिवासी कन्या आश्रम तखतपुर की अधीक्षक पुष्पा प्रधान को सम्मानित किया गया। विशेष श्रेणी का पुरस्कार जय अम्बे एमरजेंसी सर्विस के जैनुद्दीन खान को मिला। इन्होंने हाई टेंशन तार से झुलसे युवक की जान बचाने के लिए उन्हें हास्पिटल में एडमिट कराया।

कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चैहान, छ.ग. सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह, छ.ग. मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र धीवर, नगर निगम के सभापति शेख नजरूदीन, कमिश्नर डा. संजय अलंग, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन.मीणा, कलेक्टर सौरभ कुमार, पुलिस अधीक्षक पारूल माथुर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयश्री जैन, एडीएम आर.ए.कुरूवंशी, नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत, विजय केशरवानी, विजय पाण्डेय, महेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

हाईकोर्ट में फहराया तिरंगा

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में भी गणतंत्र दिवस पर समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी ने राष्ट्रगान की धुन पर तिरंगे झंडे की सलामी ली। इस अवसर पर हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीशों के साथ ही रजिस्ट्रार जनरल सहित रजिस्ट्री विभाग के अधिकारी कर्मचारी और वकील मौजूद रहे।

कमिश्नर ने कार्यालय में फहराया झंडा

संभागायुक्त कार्यालय में कमिश्नर संजय अलंग ने गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। इससे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर राष्ट्रगान किया। इस मौके पर अपर आयुक्त के.एल. चौहान, उपायुक्त अर्चना मिश्रा और अखिलेश साहू सहित संभागायुक्त कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टोरेट व कम्पोजिट बिल्डिंग में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण

कलेक्टोरेट सहित नए और पुराने कम्पोजिट बिल्डिंग में गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर सौरभ कुमार ने तिरंगा झंडा फहराया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान किया। इसके पश्चात् कलेक्टोरेट परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर कलेक्टर ने माल्यार्पण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर आर.ए.कुरूवंशी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

SECR के जीएम ने परेड की सलामी लेकर फहराया तिरंगा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जोन ऑफिस सहित सभी मंडल कार्यालय 74वां गणतंत्र दिवस गरिमामय और पारंपरिक रूप से मनाया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का मुख्य समारोह एन.ई.इंस्टीट्यूट मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक आलोक कुमार ने परेड की सलामी ली और ध्वाजारोहण किया। इससे पहले उन्होंने रेल सुरक्षा बल के जवानों, सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं, सेन्ट जॉन्स एम्बुलेंस, एन.सी.सी. एवं स्काउट एण्ड़ गाईड ग्रुप के आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।

RPF जवानों ने बाइक शो कर दिखाए करतब

इस समारोह में बच्चों के लिए फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर आरपीएफ के जवानों ने बाइक शो किया और हैरतअंगेज करतब दिखाए। साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा फ़ैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता एवं अन्य देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

रेलवे अस्पताल में विश्राम गृह का शुभारंभ

गणतन्त्र दिवस पर रेलवे सेंट्रल हॉस्पिटल में मरीजों के परिजनों के विश्राम एवं ठहरने केलिए डोरमेट्री की शुरुआत की गई, जिसका शुभारंभ महाप्रबंधक आलोक कुमार और सेक्रो अध्यक्ष डा. वनिता जैन की उपस्थिती में किया गया। सेंट्रल हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय एव मण्डल के अधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

Back to top button