नई दिल्ली

दिल्ली विधानसभा में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् पर खड़े नहीं हुए अधिकारी, स्पीकर ने दिया कार्रवाई का आदेश …

नई दिल्ली। विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान पहले ही दिन गुरुवार को अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के अपमान का मामला सामने आया है। विधानसभा अध्यक्ष ने इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। सचिव ने इस अधिकारियों के कार्य को अपमानजनक बताया और सदन के अध्यक्ष की ओर से दोषी अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने गुरुवार को मुख्य सचिव से कहा कि मॉनसून सत्र के दौरान राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” बजते समय खड़े न होकर उसका अनादर करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें।

दिल्ली विधानसभा के सचिव राज कुमार ने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में कहा कि मॉनसून सत्र की शुरुआत के दौरान जब राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् बजाया जा रहा था तब ऑफिसर्स गैलरी में बैठे अधिकारी खड़े नहीं हुए, जिससे उसका अपमान हुआ। विधानसभा अध्यक्ष की इच्छा है कि छह अगस्त तक ऐसे अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए और कार्रवाई के बारे में उन्हें भी सूचित किया जाए।

विधानसभा सचिव ने दिल्ली के मुख्य सचिव को लिखे अपने पत्र में कहा, “राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ बजते समय अधिकारी खड़े नहीं हुए, जिससे इस गीत का अनादर हो रहा है। विधानसभा अध्यक्ष की इच्छा है कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस बारे में 6 अगस्त तक उनके कार्यालय को सूचित किया जाए।”

Back to top button