नई दिल्ली

राहुल से मिलने के बाद नवजोत सिद्धू की प्रियंका गांधी से महत्वूर्ण बातचीत, अंतिम निर्णय सोनिया से मिलने के बाद …. और ?

नई दिल्ली (पंकज यादव) । पंजाब कांग्रेस में चल रही सियासी खींचतान के बीच राहुल गांधी और  नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंची हैं। दरअसल, नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। वहीं, कैप्टन भी सिद्धू को ज्यादा तवज्जो देने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। सिद्धू को उनकी कैप्टेनेंसी रास नहीं आ रही है, यही वजह है कि कई बैठकों के बाद भी अब तक कलह खत्म नहीं हुआ है। 

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पंजाब कांग्रेस में सियासी खींचतान का मसला अब दिल्ली के लिए भी सिरदर्द बनता जा रहा है। पंजाब कांग्रेस में जारी इस कलह को दूर करने के लिए बैठकों के बाद अब व्यक्तिगत मुलाकातों का दौर शुरू हो गया है। सियासी सरगर्मियों को देखें तो पंजाब कांग्रेस में कलह पर राहुल गांधी से अधिक प्रियंका गांधी एक्टिव नजर आ रही हैं। राहुल गांधी और  नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंची हैं। राहुल गांधी की ना के बाद जिस तरह से मुस्कुराते हुए नवजोत सिंह सिद्दू की प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात की तस्वीर सामने आई है, इससे अंदरखाने यह चर्चा तेज हो गई है कि पंजाब कांग्रेस की नैया पार प्रियंका ही लगाएंगी।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आज सुबह प्रियंका गांधी से मुलाकात की। वहीं, प्रियंका ने भाई राहुल गांधी से भी आज ही मुलाकात की। राहुल और सिद्धू से मुलाकात के बाद प्रियंका अपनी मां और कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास 10 जनपथ पहुंची हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका नवजोत सिंह सिद्धू और राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात और बातचीत को सोनिया के साथ साझा करेंगी और फिर पंजाब की कलह को दूर करने की प्लानिंग पर विचार-विमर्श करेंगी।

बुधवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘प्रियंका गांधी वाड्रा जी के साथ लंबी बैठक हुई”। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच मुलाकात के कुछ समय बाद ही यह तस्वीर सामने आई, जिसके बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। इससे एक दिन पहले राहुल गांधी की ओर से कहा गया था कि उनकी सिद्धू के साथ कोई मीटिंग नहीं है।          

Back to top button