Uncategorized

मप्र: नगर निगम अफसर की संपत्ति देख लोकायुक्त पुलिस भी दंग…

भोपाल (कैलाश गौर)। इंदौर में 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़े गए नगर निगम के जन कार्य विभाग के अधीक्षक विजय सक्सेना को लेकर लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। सक्सेना के पास आय से अधिक संपत्ति पाए जाने के मामले में उसके बैंक खातों की जांच की जा रही है। मंगलवार को लोकायुक्त पुलिस उसे रणजीत हनुमान मंदिर स्थित बैंक ऑफ बड़ोदरा ले गई और लॉकर खोला तो दंग रह गई। लॉकर में 28 लाख रुपए का सोना, डेढ़ लाख की चांदी के साथ ही पत्नी के खाते में 14 लाख रुपए मिले हैं। अभी दूसरे बैंक खातों की जांच होना बाकी है।

सोमवार को उसके ऑफिस की अलमारी से 10.68 लाख रुपए मिले थे। बाद में पुलिस उसे द्वारकापुरी स्थित उसके मकान पर भी ले गई थी। दो मंजिला इस मकान में टीम ने छानबीन की तो मकान, फ्लैट, प्लॉट समेत 8 संपत्तियों के दस्तावेज मिले। सक्सेना का एक फ्लैट पैराडाइज बिल्डिंग में भी है। वह जिस मकान में रहता है, वहां उसने कई किराएदार भी रखे हैं। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ोदरा, एसबीआई सहित अन्य बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। लोकायुक्त डीएसपी प्रवीण सिंह बघेल ने बताया कि दोपहर को टीम उसे बैंक ऑफ बडोदरा ले गई तो पता चला कि यहां उसका लॉकर भी है। उसे खोलने पर पौन किलो सोने के जेवरात, तीन किलो चांदी के जेवरात, 1.14 लाख रुपए कैश मिले। पत्नी गिरिजा के खाते में 14 लाख रुपए मिले। इसके अलावा उसने अपना एक सैलरी अकाउंट एसबीआई में होना बताया है। टीम को आशंका है कि इस खाते में भी काफी रुपए हैं। टीम जानकारी निकाल रही है। वैसे अब तक उसके पास 65 लाख रुपए से ज्यादा के जेवरात और नकदी मिले हैं। जमीन, फ्लैट आदि को लेकर अभी जांच जारी है।

सोमवार को नगर निगम के अफसर और महिला क्लर्क को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते लोकायुक्त ने गिरफ्तार किया था। दोनों ने बिजासन मंदिर परिसर में बन रहे पार्क के बिल को पास कराने के लिए रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि 9.50 लाख रुपए का बिल पास करने के लिए 3% का कमीशन मांगा गया था। कांट्रेक्टर ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी। विजय सक्सेना इंदौर नगर निगम में करीब 25 साल से तैनात है। इस दौरान वह निगम के अलग-अलग विभाग में रहा। करीब 12 साल वह नक्शा विभाग में भी रहा। इस दौरान भी उसके खिलाफ भ्रष्टाचार की कई शिकायतें थीं। फिर वह बिल सेक्शन में जन कार्य विभाग का अधीक्षक हो गया। उसने रिश्वतखोर में महिला कर्मचारी हिमानी को भी शामिल कर लिया। अक्सर वह उसी के माध्यम से रिश्वत लेता था, ताकि सीधे खुद पकड़ा न जा सके।

Back to top button