छत्तीसगढ़

रियलिटी शो में नजर आएंगे छत्तीसगढ़ के माइकल जैक्सन, डांस मूव्स से मिथुन चक्रवर्ती को बना चुके है अपना दीवाना…

जांजगीर। छत्तीसढ़ीया माइकल जैक्सन नाम से प्रसिद्ध फूलचंद जल्द ही रियलिटी शो हुनरबाज देश की शान में अपना डांस मूव्स दिखाते नजर आएंगे। वह ऑडिशन राउंड में सिलेक्ट हो चुके है। जांजगीर के गोदना गांव में रहने वाले 40 साल के बिजली मिस्त्री अपने डांस मूव्स के चलते रातों-रात सोशल मीडिया सेंसेशन बन चुके हैं। इस शो के होस्ट अपने जमाने के मशहूर डांसर और एक्टर मिथुन चक्रवर्ती हैं।

सोशल मीडिया पर धूम मचाने के बाद फूलचंद ने मुंबई का रुख किया है। वह एक चैनल पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो का हिस्सा बनेंगे। इसमें देश के अलग-अलग इलाकों से आए लोगों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है। शो की कैच लाइन ही है, ‘न पैसा, सही उम्र, एक हुनरबाज बनने के लिए आपको चाहिए सिर्फ हिम्मत और हुनर’। उनके साथी संतोष कुमार ने बताया कि फूलचंद अब दूसरे राउंड की तैयारी पूरी मेहनत से कर रहे हैं।

फूलचंद ने बचपन में कहीं माइकल जैक्शन का डांस टीवी पर देखा था, तभी से जैक्सन को गुरु और खुद को एकलव्य की तरह शिष्य मानकर डांस कर रहे हैं। वह बचपन में गांव के आसपास होने वाले डांस प्रतियोगिताओं में जाकर अपना हुनर दिखाते थे। फूलचंद 5वीं तक पढ़ाई की, लेकिन फिर घर की जिम्मेदारियों के चलते मिस्त्री का काम करने लगे। इसके चलते डांस कहीं छूट गया। त्योहार के मौके पर गणेश और दुर्गा की प्रतिमाएं बनाने का काम भी करने लगे।

करीब दो महीने पहले गांव में गणेश विसर्जन के मौके पर फूलचंद ने सड़क पर डांस किया था। गांव के बच्चों की जिद की वजह से तकरीबन 10 साल बाद वो लोगों के बीच इस कदर नाचे। इसी दौरान किसी ने मोबाइल से फूलचंद के डांस स्टेप रिकॉर्ड कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद फूलचंद सोशल मीडिया स्टार बन गए। वीडियो वायरल होने के बाद आसपास के गांव के लोग मिलने और तस्वीरें खिंचवाने आने लगे।

Back to top button