Uncategorized

माटी पूजन दिवस कलेक्टर ने वृंदावन गौठान अंजोरा, कामधेनु गौठान बघेरा, में माटी की पूजा अर्चना की …

राजनांदगांव । अक्षय तृतीया के दिन माटी पूजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज वृंदावन गौठान अंजोरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव, कामधेनु गौठान बघेरा, एकीकृत सुविधा केन्द्र सुकुलदैहान में माटी की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर कलेक्टर सिन्हा ने ग्रामवासियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि कि हम हमारी मिट्टी जिसे हम माता, भुईयां कहते हैं उसकी रक्षा करेंगे। हम अपने खेत, बगीचों और घरों में जैविक खाद का उपयोग करेंगे। हम ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे हमारी मिट्टी, पानी की सेहत खराब हो।

हम हानिकारक रसायनों के कारण भूमि, जल को होने वाले, नुकसान के प्रति सबको सचेत कर पर्यावरण की रक्षा करेंगे। हम आने वाली पीढिय़ों के लिए साफ पानी, शुद्ध हवा और उपजाऊ मिट्टी बचाएंगे। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि शासन द्वारा मिट्टी की उर्वरा शक्ति के पुर्नजीवन हेतु अक्ति के शुभ दिन से माटी पूजन की शुरूआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत जैविक खाद और गौमूत्र के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ लोगों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। खेती किसानी की लागत को कम कर अधिक लाभप्रद बनाकर जिले में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

कलेक्टर सिन्हा ने वृंदावन गौठान अंजोरा में महिला स्वसहायता समूह द्वारा पूजा के लिए बनाए जा रहे गुरूगोपीचंदन टिकिया तथा गोपी चंदन टिकिया का अवलोकन किया। वहां महिलाओं द्वारा चंदन के पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा है। वहीं कुमकुम तथा अगरबत्ती का निर्माण कार्य का भी उन्होंने जायजा लिया।

कलेक्टर ने वंृदावन रसोई में माटी के थर्मस से ठंडा पानी पिया। कलेक्टर सिन्हा एवं जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने वंृदावन रसोई में बने स्वादिष्ट व्यंजन गुलगुला भजिया, बड़ा, भजिया, बिजौरी एवं चाय का स्वाद लिया। कलेक्टर ने कहा वृंदावन गौठान प्रदेश का सबसे बड़ा गौठान है।

यहां गणेश गुलाल प्राईवेट लिमिटेड द्वारा अनुबंध के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां संचालित है। समूह की महिलाओं को यहां रोजगार मिला है, जिससे उनमें खुशी है। कलेक्टर ने कलेक्टर ने केले की खेती के लिए सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर बढ़ाने के निर्देश दिए। वहां जीमिकंद एवं हल्दी लगाने के लिए कहा। उन्होंंने वहां आजीविका वर्क शेड, मत्स्य पालन, बतख पालन का भी अवलोकन किया।

कलेक्टर सिन्हा ने एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव तथा वहां निर्माणाधीन गौठान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना अंतर्गत 5 एकड़ में 3 करोड़ 76 लाख रूपए की लागत से निर्मित एकीकृत सुविधा केन्द्र नवागांव में समूह की महिलाओं के लिए मसाला निर्माण,पैकेजिंग, दाल प्रोसेसिंग यूनिट, प्लाईएश ब्रिक्स, पेवर ब्लाक, फेंसिंग तार निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएगी। उन्होंने वहां हरियाली के लिए नींबू और मुनगा के पौधे लगाने के लिए कहा। गौठान में पौधरोपण एवं लेबलिंग करने तथा जाली से घेरने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सिन्हा कामधेनु गौठान बघेरा में माटी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां उन्होंने टसर सिल्क का निर्माण करने के लिए मशीन का अवलोकन किया। समूह की महिलाएं रेशम का धागा निकालने का कार्य कर रही हंै। उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे समूह की महिलाओं की आजीविका के नए रास्ते खुलेंगे। वहां कुक्कुट पालन शेड एवं मशरूम शेड का भी जायजा लिया। व्यापक पैमाने पर किए जा रहे कुक्कुट पालन की तारीफ की। बच्चों के बैंड पार्टी ने माटी दिवस के अवसर पर बैंड बजाकर खुशी जाहिर की।

कलेक्टर सिन्हा एकीकृत सुविधा केन्द्र सुकुलदैहान में माटी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 3 करोड़ 76 लाख 70 हजार रूपए की लागत से सुकुलदैहान में मल्टीयुटिलिटि सेंटर का निर्माण किया गया है। कलेक्टर की पहल पर वहां गणेश गुलाल प्राईवेट लिमिटेड द्वारा समूह की 100 महिलाओं को आजीविका प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है।

इसी कड़ी में वहां रंगोली का निर्माण समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। वहीं शीघ्र ही गुलाल, कुमकुम, सिंदूर निर्माण का कार्य तथा पैकेजिंग का कार्य भी किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं को रोजगार के लिए अच्छी अधोसंरचना विकसित की गई है। इस मल्टीयुटिलिटि सेंटर के माध्यम से उन्हें जीवन भर रोजगार मिलता रहेगा।

उनके कौशल विकास से इस कार्य को गति मिलेगी। उन्होंने यहां कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम अरूण वर्मा, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती रोशन भगत, बीपीएम एनआरएलएम सुशील श्रीवास्तव, गणेशा गुलाल प्राईवेट लिमिटेड के अनुज गोयल, गांव के सरपंच श्रीमती अंजू साहू, शैलेश साहू, बलबीर सिंह, सरपंच बघेरा हरीश देशमुख सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं तथा ग्रामवासी उपस्थित थे।

Back to top button