Uncategorized

मानस मंडली प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम – गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ राम सुंदर दास

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉ राम सुंदर दास ने कहां की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ग्राम, खंड, जिला और राज्य स्तर पर मानस मंडली प्रतियोगिता का आयोजन कराकर भारतीय संस्कृति परंपरा और जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। वे आज जांजगीर के डाइट में जिला स्तरीय मानस मंडली प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे।

शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यनिता चंद्रा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शांकभरी बोर्ड के अध्यक्ष राम कुमार पटेल, उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य जयाकांता राठौर, कलेक्टर जितेंद्र कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर उपस्थित थे।

अपने उद्बोधन में डॉ राम सुंदर दास ने आगे कहा कि यह हम सब के लिए गौरव की बात है कि मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तरीय मानस मंडली प्रतियोगिता के आयोजन जिले के शिवरीनारायण में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवधा रामायण की संस्कृति हमारी परंपरा रही है चैत्र प्रतिपदा में राज्य स्तरीय मानस मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तर पर मानस मंडली प्रतियोगिता में चयनित मंडली को राज्य स्तर पर शिवरीनारायण में अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाली मंडली को पांच लाख एक सौ एक रूपये, द्वितीय तीन लाख एक सौ एक रुपए और तीसरा स्थान पाने वाली टीम को दो लाख एक सौ एक रुपए का पुरस्कार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कर कमलों द्वारा 10 अप्रैल को प्रदान किया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राम कुमार पटेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मानस मंडली प्रतियोगिता के आयोजन से मानस की गंगा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति का हम सबको पालन करना चाहिए।

कलेक्टर जितेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि जिला स्तर पर चयनित मानस मंडली को शिवरीनारायण में 8, 9, 10 अप्रैल को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शन अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले की मानस मंडली इस प्रतियोगिता में उच्च स्तरीय प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें और प्रदेश में प्रथम स्थान पर आने का गौरव हासिल करें। उन्होंने जांजगीर जिले की मंडली को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यनिता चंद्रा, उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जयाकांता राठौर ने भी संबोधित किया।

ज्ञातव्य है कि जिला स्तरीय मानस मंडली प्रतियोगिता में जिले की 9 मानस मंडलियां भाग ले रहीं हैं। जांजगीर जिले का प्रतिनिधित्व करने मंडली चयन के लिए निर्णायक मंडल में सर्वश्री राम गोपाल राठौर, महेश राठौर, रामगोपाल गौरवा, छेदी लाल यादव, तोरण राठौर और प्रमोद पांडे शामिल है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ कावेरी यादव शिवरीनारायण की मंडली के प्रदर्शन से हुआ। उनके उत्कृष्ट गायन ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन दीपक यादव और सतीश सिंह ने किया। आभार प्रदर्शन उप संचालक पंचायत अभिमन्यु साहू ने किया। इस अवसर पर, गणमान्य नागरिक, विकास खंडों से आईं मानस मंडलियां,मानस प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Back to top button