मध्य प्रदेश

मप्र को जल्द ही मिलेगी एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात

मई में होगा दूसरी वंदे भारत का ट्रायल, खजुराहो तक चलेगी

भोपाल। मध्यप्रदेश को जल्द ही एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। यह विधानसभा चुनाव से पहले होना संभव है। रेलवे बोर्ड जल्द ही दिल्ली से खजुराहो के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन दौड़ाने की तैयारी कर रहा है। अब आगामी मई माह में इस ट्रेन का ट्रायल किया जाएगा। यह ट्रायल दिल्ली से आगरा के बीच के रेल खंड पर किया जाएगा। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के बीच प्रदेश की पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। अब विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली से ग्वालियर, झांसी होते हुए खजुराहो तक वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इस ट्रेन के चलने से क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा यात्रियों को भी खजुराहो के लिए एक लक्जरी ट्रेन मिल सकेगी।
अभी खजुराहो के लिए ग्वालियर से सिर्फ खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी और खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस का संचालन होता है। अब वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से इस रूट पर एक नई ट्रेन मिल जाएगी। इस ट्रेन का ट्रायल दिल्ली-आगरा रेल खंड पर मई के पहले या चौथे सप्ताह में होगा। ट्रेन को 150 से 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। दिल्ली खंड पर अब तक वंदे भारत के दो ट्रायल हो चुके हैं। पहला ट्रायल सितंबर 2022 में हुआ था।
पर्यटन को प्रमोट करेगी ट्रेन
नई दिल्ली से खजुराहो के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन पर्यटन को प्रमोट करेगी। दरअसल, यह ट्रेन दिल्ली से चलकर आगरा पहुंचेगी। आगरा में ताज महल देखने के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों का तांता लगा रहता है। इसी प्रकार ग्वालियर किला व अन्य पुरा संपदाएं देखने के लिए भी टूरिस्ट आते हैं। इसके चलते इस ट्रेन का स्टापेज ग्वालियर को भी मिलेगा। दिल्ली से खजुराहो के बीच 667 किलोमीटर की दूरी में इस ट्रेन का केवल तीन स्टेशनों पर आगरा, ग्वालियर व झांसी में ठहराव होगा। इस ट्रेन का झांसी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री ने की थी घोषणा
खजुराहो तक वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा पूर्व में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव भी कर चुके हैं। गत वर्ष खजुराहो दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले घोषणा की थी कि खजुराहो से वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा। गत फरवरी माह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी रेल मंत्री से दिल्ली से मुलाकात कर जल्द से जल्द ट्रेन के संचालन की मांग की थी।

Back to top button