लखनऊ/उत्तरप्रदेश

नकली नोट बनाना यूट्यूब से सीखा, पुलिस ने पकड़ा तो खुल गया पूरा खेल….

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने नकली नोट छापने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने पुलिस को बतया कि कलर प्रिंटर से नकली नोट छापी जाती थी। नकली नोट छापने के बारे में यू ट्यूब से जानकारी ली थी। पुलिस ने छह हजार रुपये के नकली नोट, प्रिंटर सहित अन्य सामान बरामद किया है।

जिला न्यायालय में शातिर बदमाश रणदीप भाटी की पेशी थी। न्यायालय में पुलिस के द्वारा संदिग्धों की जांच की जा रही थी। पुलिस ने साहिल की जांच की, उसके पास से गांजा, चोरी की मोटर साइकिल व नकली नोट बरामद हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपित शालू को भी गिरफ्तार किया। जेल में बंद रहने के दौरान दोनों की दोस्ती हुई थी।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि नकली नोट छापने के बारे में यू ट्यूब से जानकारी प्राप्त की थी। तेरह हजार रुपये में आनलाइन से कलर प्रिंटर मंगाया। आरोपित पहले साधारण कागज पर नोट छापते थे। यू ट्यूब से जानकारी के बाद जेके एक्शल पेपर मंगाया। यह पेपर नोट के कागज की तरह होता है। आरोपितों के द्वारा सौ रुपये का नोट अधिक छापा जाता था। जिसका प्रमुख कारण था छोटा नोट होने के कारण बाजार में आसानी से चल जाता था।

आरोपितों के द्वारा गांजा बेचने का काम भी किया जाता था। बाजार में सामान खरीदने के साथ ही गांजा बिक्री में भी नकली नोट खपा दिया जाता था। आरोपित के पास से जो नकली नोट बरामद हुए थे सभी पर एक ही नंबर प्रिंट था। इस कारण वह पकड़े गए। पुलिस ने बताया कि शालू ने कक्षा दस व साहिल ने कक्षा आठ तक पढ़ाई की है।

Back to top button